संस्कृत के माध्यम से भारतीय ज्ञान-परंपरा से जुड़ें युवा: डॉ. संजीव राय
संस्कृत भारती के युवा संवाद में छात्रों ने भारतीय ज्ञान, दर्शन और भाषा की समकालीन उपयोगिता पर किया विमर्श

Yuva Samvad Karyakram: संस्कृत भारती की ओर से राजगढ़ विभाग के ब्यावरा नगर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्कृत भारती के अखिल भारतीय पत्राचार संस्कृत शिक्षण प्रमुख डॉ. संजीव राय ने छात्रों से संवाद करते हुए संस्कृत भाषा, भारतीय ज्ञान-परंपरा और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विचार साझा किए। डॉ. राय ने छात्रों को संस्कृत के अध्ययन के माध्यम से भारतीय दर्शन, साहित्य, संस्कृति और ज्ञान-विज्ञान की समृद्ध परंपरा को समझने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में ठगी का ट्रिपल अटैक, कहीं डिजिटल अरेस्ट तो कहीं नौकरी का झांसा
उन्होंने कहा कि संस्कृत सिर्फ संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान-परंपरा को समझने का महत्त्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं को संस्कृत के अध्ययन को आधुनिक संदर्भों से जोड़ते हुए इसके व्यापक बौद्धिक और व्यावहारिक पक्षों को जानना चाहिए। कार्यक्रम में छात्रों ने संस्कृत भाषा और साहित्य, भारतीय दर्शन और संस्कृत की समकालीन उपयोगिता से जुड़े अलग-अलग प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने संवादात्मक शैली में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। (Yuva Samvad Karyakram)

इस अवसर पर संस्कृत भारती के प्रांत संगठन मंत्री डॉ. जागेश्वर पटले, प्रांत महाविद्यालय कार्यप्रमुख डॉ. ब्रजेश कुमार साहू, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता, बापू सिंह सुमन, प्रांत समिति सदस्य नरवर सिंह पंवार, जनपद अध्यक्ष मोहन नागर समेत संस्कृत भारती राजगढ़ जनपद के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें भारतीय ज्ञान-परंपरा के अध्ययन के लिए प्रेरित करना रहा। (Yuva Samvad Karyakram)



