मार्केट में करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर, मौके पर मौत

जगदलपुर। शहर के संजय मार्केट में आज शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर यहां दोसा सेंटर का ठेला लगाता था। हादसा उस समय हुआ, जब वह ठेले के ऊपर चढ़कर झिल्ली ठीक कर रहा था। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, किशोर रोज की तरह सुबह करीब 7:30 बजे संजय मार्केट में अपना दोसा सेंटर खोलने पहुंचा था। दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वह ठेले के ऊपर चढ़कर झिल्ली ठीक कर रहा था। इसी दौरान वहां पड़े कटे हुए बिजली के तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगने के बाद किशोर को आसपास मौजूद लोगों ने देखा और पुलिस तथा परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जानी थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
CCTV में कैद हुआ हादसा
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में किशोर ठेले के ऊपर चढ़कर झिल्ली ठीक करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आता नजर आता है। हादसे के बाद संजय मार्केट में शोक का माहौल है।
खुले बिजली तारों को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद संजय मार्केट में खुले और कटे हुए बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। व्यस्त बाजार क्षेत्र में विद्युत तारों की ऐसी स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बाजार में बिजली के तारों की नियमित जांच और जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।
यह भी पढ़े :- आकाशवाणी रायपुर के ‘किसलय’ कार्यक्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धौराभांठा के बच्चों ने बताया शिक्षा का महत्व



