Arang Teacher Murder: 30 लाख के लेन-देन में शिक्षक की हत्या, साथी शिक्षक गिरफ्तार; VSK ऐप से खुला राज

Arang Teacher Murder : आरंग के बनचरौदा में शासकीय शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। आरंग पुलिस ने हत्याकांड में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच रेत, रियल एस्टेट और बुलियन ट्रेडिंग से जुड़े करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन तथा तीन महीने के ब्याज को लेकर विवाद चल रहा था।
सुनसान इलाके में बुलाकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को चंद्रप्रकाश ने शिवकुमार को बनचरौदा के सुनसान इलाके में बुलाया था। वहां पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने धारदार हथियार और हथौड़े से शिवकुमार पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। (Arang Teacher Murder)
VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से मिला अहम सुराग
हत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान कुम्हारी स्थित स्कूल के CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK (Vidya Samiksha Kendra) ऐप की लॉग रिपोर्ट खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, इन रिकॉर्ड से आरोपी की गतिविधियों को लेकर अहम जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने चंद्रप्रकाश से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
30 लाख के लेन-देन और ब्याज को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों शिक्षकों के बीच कारोबार से जुड़े करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद था। पिछले तीन महीने के ब्याज के भुगतान को लेकर भी दोनों के बीच तनाव चल रहा था। पुलिस आर्थिक लेन-देन को हत्या की वजह मानकर मामले की जांच कर रही है।
स्कूटी, हथियार और ब्लैंक चेक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मोबाइल फोन, पर्स और कथित तौर पर खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। (Arang Teacher Murder)
यह भी पढ़े :- मार्केट में करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर, मौके पर मौत



