Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलवाद पर दोहरी चोट: बीजापुर में नक्सली स्मारक ध्वस्त, नारायणपुर में चार माओवादी गिरफ्तार

Naxalism in Chhattisgarh : बीजापुर और नारायणपुर जिलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक ओर बीजापुर में नक्सल संगठन के प्रतीकात्मक स्मारक को ढहा दिया गया, वहीं नारायणपुर में मुठभेड़ के बाद चार सक्रिय माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : नक्सल प्रभावित जिलों में पहली बार रेल की रफ्तार: लिडार तकनीक से सर्वे जारी

बीजापुर में 15 फीट ऊंचा स्मारक ढहा

बीजापुर जिले के नेलसनार क्षेत्र अंतर्गत इंद्रावती नदी के पार स्थित ग्राम बांगोली में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा बनाए गए लगभग 15 फीट ऊंचे पक्के स्मारक को ध्वस्त कर दिया। यह स्मारक नक्सली संगठन की उत्तर कमांड के सक्रिय सदस्य “राजू” की स्मृति में बनाया गया था। इसका उद्देश्य संगठन की विचारधारा का प्रचार-प्रसार और क्षेत्र में डर का माहौल बनाना था।

पुलिस की इस कार्रवाई से नक्सलियों को स्पष्ट संदेश गया है, वहीं क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों में सुरक्षा और भरोसे की भावना को मजबूती मिली है।

नारायणपुर में चार नक्सली गिरफ्तार, हथियार बरामद

वहीं नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 16 जून को ग्राम आदेर के बड़े टोंडेबेड़ा जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद चार सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं, जो प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन से जुड़े हैं।

गिरफ्तार नक्सलियों के पास से दो 12 बोर बंदूकें, एक 315 बोर बंदूक, पांच जिंदा कारतूस और तीन डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई नारायणपुर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और एएसपी रोबिनसन गुरिया के नेतृत्व में अंजाम दी गई। (Naxalism in Chhattisgarh)

गौरतलब है कि 16 जून को थाना ओरछा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ताकिलोड़, रेकावाया और आलबेड़ा की ओर डीआरजी, एसटीएफ तथा नारायणपुर, कोंडागांव व जगदलपुर की संयुक्त पुलिस टीम गश्त पर निकली थी। इसी दौरान करीब 20-30 नक्सलियों ने स्वचालित व देसी हथियारों से हमला कर दिया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान चंपा कर्मा (ग्राम ताकिलोड़), मंगी मंडावी (ग्राम किस्टाराम, सुकमा), लच्छू मंडावी और सनकू मंडावी (ग्राम जड़का) को गिरफ्तार किया गया। (Naxalism in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!