Puri Rath Yatra Stampede : पुरी में रथ यात्रा के दौरान भगदड़, तीन लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

Puri Rath Yatra Stampede : ओडिशा के पुरी में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान आज रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गुंडिचा मंदिर के पास सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुई भगदड़ में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh News : मकान में मिले 35 सांप, लोगों ने लगाए भगवान शंकर के जयकारे
भीड़ में घुसे दो ट्रक, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रथ यात्रा के दौरान सारधाबली क्षेत्र में पहले से भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान दो ट्रकों के अचानक अंदर घुसने की कोशिश से भगदड़ मच गई। संकरी जगह, अपर्याप्त पुलिस प्रबंधन और रथों के पास बिखरे ताड़ के लट्ठों ने स्थिति को और भी खतरनाक बना दिया। (Puri Rath Yatra Stampede)
मृतकों की पहचान:
प्रेमकांत मोहंती (80)
बसंती साहू (36)
प्रभाती दास (42) के रूप में हुई है। हादसे में घायल श्रद्धालुओं को तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सरकार ने जताया दुख, कार्रवाई का भरोसा
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा, – “तीन लोगों की मौत वाली इस त्रासदी ने हमें बहुत दुखी किया है। हम पूरी जांच कराएंगे और जिनकी लापरवाही से यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हेल्थ इमरजेंसी के एक दिन बाद हुआ हादसा
यह हादसा उस हेल्थ इमरजेंसी के ठीक एक दिन बाद हुआ, जब भीड़ और गर्मी की वजह से 750 से अधिक श्रद्धालु बेहोश हो गए थे। 230 भक्तों को IDH (संक्रामक रोग अस्पताल) में भर्ती कराया गया। 520 श्रद्धालुओं को DHH (जिला अस्पताल) में शिफ्ट किया गया। एक गंभीर रूप से बीमार श्रद्धालु को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।
स्थिति पर नजर बनाए हुए है प्रशासन
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पूरे रथ यात्रा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन मेडिकल सपोर्ट को और मजबूत किया जा रहा है। (Puri Rath Yatra Stampede)



