Chhattisgarh : स्कूल वॉशरूम में वीडियो रिकॉर्डिंग! संकुल समन्वयक के खिलाफ एफआईआर, महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
Chhattisgarh News : रायपुर ज़िले के तिल्दा क्षेत्र के ग्राम बिलाड़ी स्थित मिडिल स्कूल से एक शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल के महिला शौचालय (लेडीज़ वॉशरूम) में एक मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग मोड में चालू हालत में मिला, जिससे स्कूल स्टाफ और शिक्षिकाओं में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- ट्रंप की चेतावनी: “भारत-रूस दोस्ती छोड़ो, वरना भुगतना पड़ेगा भारी नुकसान!
वॉशरूम में मिला चालू मोबाइल, शिक्षिकाओं ने पकड़ा मामला
जब शिक्षिकाएं वॉशरूम में गईं तो उन्होंने वहाँ एक छुपा हुआ मोबाइल देखा जो वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। तत्काल उन्होंने इस मामले की जानकारी अपने पतियों और स्कूल के अन्य स्टाफ को दी। सभी मिलकर तिल्दा-नेवरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
स्कूल का संकुल समन्वयक निकला आरोपी
जांच में सामने आया कि यह घिनौनी हरकत कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि स्कूल का संकुल समन्वयक भूपेंद्र कुमार साहू कर रहा था। थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पिछले दो महीनों से महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर रिकॉर्डिंग करने की बात कबूल की है।
उसने यह भी स्वीकार किया कि वह वीडियो को बाद में अपने दूसरे मोबाइल और लैपटॉप पर ट्रांसफर करके देखता था।
तकनीकी जांच के लिए मोबाइल भेजा गया सायबर सेल
हालांकि, आरोपी के मोबाइल से सभी वीडियो डिलीट मिले, जिसके चलते मोबाइल को सायबर सेल भेजा गया है ताकि डिलीटेड डाटा को रिकवर कर विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
महिला सुरक्षा और स्कूल प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने स्कूल परिसर में महिलाओं की सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अभिभावकों और ग्रामीणों में रोष है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्रशासनिक जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। (Chhattisgarh News)
स्कूल जैसा सुरक्षित माने जाने वाला स्थान अब महिलाओं की निजता के हनन का केंद्र बन रहा है, जो समाज और प्रशासन दोनों के लिए चेतावनी है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है। (Chhattisgarh News)



