Operation Cyber Shield : म्यूल अकाउंट रैकेट का भंडाफोड़, रायपुर पुलिस ने 8 को किया गिरफ्तार
Operation Cyber Shield : रायपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” (Operation Cyber Shield) के तहत म्यूल बैंक अकाउंट धारकों और संवर्धकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। साइबर अपराध में सहायक इन खातों के माध्यम से देशभर में ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। इस अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई। साइबर क्राइम पोर्टल में रिपोर्टेड म्यूल बैंक खातों की जांच हेतु रेंज साइबर थाना को निर्देशित किया गया था। इसी के तहत थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 44/25, 129/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऐसे उजागर हुआ मामला
जांच के दौरान साइबर क्राइम पोर्टल की रिपोर्ट, संदिग्ध बैंक लेन-देन, एक ही व्यक्ति के नाम पर कई बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर म्यूल अकाउंट की पहचान की गई। इन खातों का उपयोग क्रिप्टो करेंसी इन्वेस्टमेंट, फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप, गूगल रिव्यू टास्क, टेलीग्राम टास्क, केवाईसी अपडेट, व गूगल सर्च जैसे साइबर फ्रॉड में किया जा रहा था। (Operation Cyber Shield)
पुलिस ने पाया कि कुछ आरोपी अपने खातों को किराए पर उपलब्ध कराते थे, वहीं कुछ लोग ठगी की रकम में से 10 से 20 प्रतिशत कमीशन लेकर खाते उपलब्ध कराते थे।
गिरफ्तार आरोपी
राजेश तांडी (38), माउंट कारगिल गली, जगन्नाथ नगर
शब्बीर खान (38), मोमिनपारा, रायपुर
अजय तांडी (25), सुभाष नगर, मौदहापारा
गजेन्द्र ध्रुव (19), कविता नगर, बोरियाखुर्द
जीतेश दास (34), मंडी गेट, देवेंद्र नगर
किशोर छाबड़ा (49), कटोरा तालाब, रायपुर
सचिन लिलहारे (28), बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी
अब्दुल गनी मेमन (37), बगदेही पारा, गोबरा नयापारा
साजिश और भी गहरी, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि कई अन्य लोग भी इस ठगी नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस को बैंक से लगातार ऐसे खातों की जानकारी प्राप्त हो रही है जिनमें असामान्य ट्रांजैक्शन हो रहे हैं। रेंज साइबर थाना द्वारा मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।



