Google Analytics —— Meta Pixel

CG Monsoon Session : विधानसभा में जल जीवन मिशन पर तीखी बहस: विपक्ष ने सरकार को घेरा, सदन में हंगामा

CG Monsoon Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र (CG Monsoon Session) में आज मंगलवार को जल जीवन मिशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल ने मिशन की प्रगति पर सवाल उठाते हुए इसे “फेल मिशन” करार दिया और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रश्नकाल में उठा जल जीवन मिशन का मुद्दा

प्रश्नकाल के दौरान भूपेश बघेल ने वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक जल जीवन मिशन के तहत खर्च की गई राशि और हासिल उपलब्धियों का ब्यौरा मांगा। उन्होंने कहा कि कई जिलों में मंजूर की गई राशि खर्च नहीं की गई, और जहां खर्च हुआ भी, वहां परिणाम संतोषजनक नहीं हैं।

सरकार का जवाब: अब तक 15,045 करोड़ खर्च, 31 लाख घरों तक जल पहुंचा

प्रश्न का उत्तर देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री अरुण साव ने कहा: -अब तक जल जीवन मिशन के तहत 15,045 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जो कुल स्वीकृत राशि का 57% है।

31 लाख 16 हजार घरों तक नल कनेक्शन से जल आपूर्ति की जा चुकी है।
3,836 गांवों को 100% जल सुविधा मिल चुकी है।
कुल लक्ष्य 49 लाख घरों तक जल पहुंचाने का है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार की प्रारंभिक सुस्ती के कारण योजना की गति प्रभावित हुई।

विपक्ष का पलटवार: भाजपा सरकार आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है

भूपेश बघेल ने सरकार के दावों पर कड़ा जवाब देते हुए कहा: – “भाजपा सरकार ने अब तक केवल 3,500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और महज 10 लाख घरों तक पानी पहुंचाया है। जबकि कांग्रेस कार्यकाल में 21 लाख घरों में नल से जल पहुंचा था। सरकार सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है।”

नेता प्रतिपक्ष महंत का आरोप: 20 महीनों में केवल 7% लक्ष्य पूरा

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि: – 20 महीनों में भाजपा सरकार ने केवल 7% कार्य ही पूरा किया है। जबकि कांग्रेस शासन में 74% लक्ष्य तक जल आपूर्ति का कार्य संपन्न हो चुका था।

इस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने दोहराया कि 10 लाख घरों तक जल पहुंचाया गया है, लेकिन विपक्ष ने इन आंकड़ों को “गुमराह करने वाला” बताते हुए विरोध तेज कर दिया। (CG Monsoon Session)

सदन में हंगामा, अध्यक्ष ने किया हस्तक्षेप

बहस के दौरान सदन का माहौल गरमा गया और विपक्षी विधायकों ने जोरदार नारेबाज़ी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को हस्तक्षेप करना पड़ा।

उन्होंने सभी विधायकों से कहा: -जनता की निगाहें इस सदन की कार्यवाही पर हैं। कृपया सदन की गरिमा बनाए रखें और प्रश्नकाल को अनुशासनपूर्वक चलने दें। (CG Monsoon Session)

Back to top button
error: Content is protected !!