Google Analytics —— Meta Pixel

Breaking News: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ED को मिली 5 दिन की रिमांड, पढ़े पूरी खबर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई राज्य के बहुचर्चित कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। गिरफ्तारी के बाद ईडी ने उन्हें रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें पांच दिन की कस्टोडियल रिमांड पर ईडी को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़े :- नेहा बनकर रह रहा था बांग्लादेशी अब्दुल कलाम, फर्जी दस्तावेज के साथ गिरफ्तार

ईडी के अनुसार, चैतन्य बघेल को दुर्ग जिले के भिलाई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। एजेंसी का कहना है कि छापेमारी के दौरान उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया, जिसके चलते उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग अधिनियम की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के दौरान चैतन्य के आवास के बाहर पुलिस बल की भारी तैनाती रही। वहीं, बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक और कार्यकर्ता भी मौके पर जुट गए थे। चैतन्य की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही राजधानी सहित कई जगहों पर कांग्रेसियों ने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरे घटनाक्रम को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आज चैतन्य का जन्मदिन है और इसी दिन उसे गिरफ्तार किया गया। यह राजनीतिक प्रतिशोध की पराकाष्ठा है।”

गौरतलब है कि ईडी पहले भी इस घोटाले के सिलसिले में कई अधिकारियों और कारोबारियों से पूछताछ कर चुकी है। अब चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इधर, रायपुर में युवा कांग्रेस और पार्टी कार्यकर्ताओं ने चैतन्य की गिरफ्तारी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए कोर्ट परिसर और ईडी कार्यालय के बाहर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!