Google Analytics —— Meta Pixel

बड़ा हादसा: सरकारी स्कूल की छत गिरने से 4 बच्चों की मौत, 17 घायल – कई अब भी मलबे में दबे

झालावाड़ (राजस्थान)। राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पीपलोदी गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग की छत भरभराकर गिर गई, जिससे 4 बच्चों की मौके पर मौत हो गई और 17 से अधिक बच्चे घायल हो गए हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच चुके हैं, जबकि राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

यह भी पढ़े :- PM मोदी ने रचा इतिहास: इंदिरा गांधी को पछाड़ देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री बने

भारी बारिश बनी हादसे की वजह, पुराना भवन था जर्जर

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते स्कूल का पुराना भवन कमजोर हो गया था। आज अचानक स्कूल की छत गिर गई, जिससे उस समय कक्षा में मौजूद करीब 50 छात्र मलबे में दब गए।

चीख-पुकार और अफरातफरी, ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य

ग्रामीणों ने बताया कि छत गिरने के साथ ही भयानक धमाका हुआ और चीख-पुकार मच गई। पास में मौजूद गांववाले और शिक्षक तुरंत मलबा हटाने में जुट गए। घायल बच्चों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से मनोहरथाना के सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया है।

जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य जारी

घटना के बाद मौके पर जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, जो लगातार मलबा हटा रही हैं। यह आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अब भी कई बच्चे दबे हो सकते हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जिला अस्पतालों और बड़े मेडिकल सेंटरों को अलर्ट कर दिया है।

जिम्मेदार कौन? उठ रहे सवाल…

घटना के बाद स्थानीय लोग और अभिभावक स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद भवन की मरम्मत नहीं कराई गई, जो आज इस भयावह दुर्घटना का कारण बन गया।

Back to top button
error: Content is protected !!