छत्तीसगढ़ में चिकन पार्टी बना जानलेवा, सास-दामाद की मौत, तीन की हालत गंभीर

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में एक पारिवारिक भोज जानलेवा साबित हुआ। दामाद के स्वागत में रखी गई चिकन पार्टी के कुछ घंटे बाद ही पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सास और दामाद की मौत हो गई। तीन अन्य की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़े :- मालेगांव ब्लास्ट केस: मोहन भागवत को गिरफ्तार करने का मिला था आदेश – ATS के पूर्व अधिकारी का दावा
दामाद के आगमन पर हुआ था भोज का आयोजन
यह घटना शिवनगर चौहानपारा, कोरकोमा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम राजाराम चौहान के घर उनके दामाद जेल सिंह का आगमन हुआ था। इस मौके पर घर में चिकन-भात बनाकर भोज का आयोजन किया गया। भोज में राजाराम, उनकी पत्नी चमेली बाई, दामाद जेल सिंह, पड़ोसी राजमीन बाई और उनका बेटा राजकुमार शामिल हुए।
खाना खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी हालत
रात को सभी ने एक साथ भोजन किया। कुछ ही देर में 60 वर्षीय राजमीन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इसके बाद जेल सिंह को भी तेज उल्टियां और दस्त की शिकायत हुई। परिजनों ने तत्काल सभी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान राजमीन बाई और जेल सिंह की मौत हो गई।
बाकी तीन – राजाराम, उनकी पत्नी चमेली बाई और राजकुमार – का इलाज अभी अस्पताल में जारी है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है। (Chhattisgarh News)
फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। हालांकि, खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। (Chhattisgarh News)



