Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में प्रोफेसर से 88 लाख की ठगी, ठगों ने कर्नाटक पुलिस बनकर किया डिजिटल अरेस्ट

Professor Cheated in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर को ठगों ने डिजिटल अरेस्ट में रखकर करीब 88 लाख रुपए की ठगी कर ली। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक ठगों ने खुद को कर्नाटक पुलिस का अधिकारी बताकर प्रोफेसर को फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी दी और उन्हें मानसिक रूप से दबाव में रखते हुए डिजिटल तरीके से नजरबंद कर दिया। प्रोफेसर को लगातार वीडियो कॉल और ऑनलाइन निगरानी में रखा गया, जिसके चलते वे किसी से संपर्क नहीं कर पाए। पुलिस को इस मामले की भनक तब लगी, जब उन्होंने प्रोफेसर के बैंक अकाउंट में हो रहे ट्रांजैक्शन को संदिग्ध पाया। 

यह भी पढ़ें:- ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% अतिरिक्त टैरिफ, कांग्रेस ने कहा- ‘झप्पी-कूटनीति’ पर टिकी विदेश नीति

लगातार हो रहे ट्रांजैक्शन देखकर पुलिस प्रोफेसर के घर पहुंची, तब तक 13 लाख रुपए का ट्रांजैक्शन हो चुका था। पूछताछ के दौरान प्रोफेसर ने किसी भी तरह की ठगी से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस वापस लौट आई। हालांकि इसके बाद भी प्रोफेसर लगातार ठगों के प्रभाव में बने रहे और धीरे-धीरे उनके अकाउंट से 88 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। फिलहाल पुरानी बस्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि यह मामला साइबर ठगी का जटिल उदाहरण है, जिसमें पीड़ित को मानसिक रूप से नियंत्रण में रखकर आर्थिक शोषण किया गया। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। (Professor Cheated in Raipur)

डिजिटल अरेस्ट सिर्फ एक साइबर अपराध

बता दें कि डिजिटल अरेस्ट भारत के किसी भी कानून में मान्य नहीं है। यह सिर्फ एक साइबर अपराध है, जिससे आपको सतर्क रहना है। डरना नहीं रिपोर्ट करना है। 

डिजिटल अरेस्ट से बचने के उपाय

  • अनजान शख्स को अपनी पर्सनल या बैंक जानकारी न दें।
  • धमकी या गिरफ्तारी की बातों से ना डरें, पहले जांच करें।
  • स्क्रीन शेयरिंग ऐप किसी के कहने पर इंस्टॉल ना करें।
  • वीडियो कॉल पर खुद को सरकारी अफसर बताने वालों से सावधान रहें।
  • किसी भी संदिग्ध कॉल या ट्रांजैक्शन की तुरंत पुलिस में शिकायत करें।
  • अपने बैंक खाते और मोबाइल ट्रांजैक्शन पर निगरानी रखें।
  • साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर तुरंत मदद लें।
  • www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
  • खुद और अपने परिवार को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। (Professor Cheated in Raipur)
Back to top button
error: Content is protected !!