वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं नरेंद्र मोदी: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi on Modi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेंगलुरु में ‘वोट अधिकार रैली’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में हमारे सामने एक सवाल उठा। पहले लोकसभा का चुनाव हुआ, फिर महाराष्ट्र का विधानसभा चुनाव हुआ। लोकसभा में हमारा गठबंधन भारी सीटों के साथ चुनाव जीता, लेकिन फिर चार महीने बाद विधानसभा चुनाव में BJP जीत गई। ये बेहद चौंकाने वाली बात थी। हमने पता किया तो मालूम चला कि विधानसभा चुनाव में एक करोड़ नए मतदाताओं ने वोट डाला है, जहां भी ये नए वोटर आए, वहां BJP ने जीत हासिल की। हमारे वोटों में कमी नहीं आई, लेकिन नए मतदाताओं का वोट BJP के खाते में गया। उसी दिन हमें समझ आ गया कि दाल में कुछ काला है।
यह भी पढ़ें:- अमेरिकी टैरिफ को लेकर विपक्ष के नेताओं के अलग-अलग राय, जानिए किसने क्या कहा…?
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पोल ने बताया कि हमें 15-16 सीटें मिल रही हैं। हमारी पोलिंग के मुताबिक 16 सीटों पर हम आगे थे, लेकिन हमें सिर्फ 9 में जीत मिली, जिसके बाद हमने सवाल पूछना शुरू किया कि क्या हम सचमुच ये सीटें हारे थे? हमने चुनाव आयोग से मदद मांगी। उनसे वोटर लिस्ट और CCTV फुटेज मांगे, लेकिन उन्होंने हमारी कोई मदद नहीं की। फिर वीडियो देने का कानून ही बदल दिया। चुनाव आयोग मुझसे हलफनामा मांगता है। वो कहता है कि मुझे शपथ लेनी होगी। मैंने संसद में संविधान की शपथ ली है। आज जब देश की जनता हमारे डेटा को लेकर सवाल पूछ रही है तो चुनाव आयोग ने वेबसाइट ही बंद कर दी। चुनाव आयोग जानता है कि जनता उनसे सवाल पूछने लगी तो उनका पूरा ढांचा ढह जाएगा। चुनाव आयोग अगर हमें इलेक्ट्रॉनिक डेटा देगा तो हम डंके की चोट पर साबित कर देंगे कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं। (Rahul Gandhi on Modi)

राहुल गांधी ने कहा कि जब हमें चुनाव आयोग से मदद नहीं मिली तो हमने खुद से जांच शुरू की। इसके लिए हमने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवापुरा विधानसभा क्षेत्र को चुना। हमने जांच में जो पाया, मैंने उसे प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबके सामने रखा और ये साबित कर दिया कि BJP और चुनाव आयोग ने मिलकर वोट चोरी की है। महादेवापुरा विधानसभा क्षेत्र में साढ़े 6 लाख वोट हैं और उसमें से 1,00,250 वोट चोरी किए गए हैं। मतलब- BJP ने हर 6 में से 1 वोट चोरी किया है। हमारी मांग है कि चुनाव आयोग हमें पूरे देश की इलेक्ट्रॉनिक वोटर लिस्ट दे। चुनाव से जुड़े वीडियोग्राफी के रिकॉर्ड दे। अगर हमें ये मिल जाए तो हम साबित कर देंगे कि पूरे देश में सीटें चोरी की गई है। BJP ने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट की महादेवापुरा विधानसभा क्षेत्र में 5 तरीके से वोट चोरी की है। (Rahul Gandhi on Modi)

इन पांच तरीकों में चोरी का दावा
- 11,965 डुप्लीकेट वोटर बनाए गए।
- 40 हजार 009 फर्जी/इनवैलिड पतों का इस्तेमाल हुआ।
- 10,452 वोटरों को एक ही पते पर रजिस्टर किया गया।
- 4,132 वोटर इनवैलिड फोटो के साथ लिस्ट में जोड़े गए।
- 33,692 नए वोटर फॉर्म-6 का गलत इस्तेमाल कर जोड़े गए।
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि BJP ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर 1,00,250 वोट चोरी किए हैं। BJP और चुनाव आयोग मिलकर संविधान पर हमला कर रहे हैं। अगर उन्हें लग रहा है कि वे संविधान पर आक्रमण करके बच जाएंगे तो वे गलत हैं। मेरी बात याद रहे- समय लगेगा, लेकिन हम आप सभी को पकड़ेंगे, एक-एक कर पकड़ेंगे। पूरे देश को ये सवाल पूछना चाहिए कि चुनाव आयोग इलेक्ट्रॉनिक डेटा और वीडियोग्राफी क्यों नहीं दे रहा ? मैं अकेले ये सवाल नहीं पूछ रहा, बल्कि देश की सारी विपक्षी पार्टियां सवाल पूछ रही हैं। चुनाव आयोग को तत्काल ये डेटा हमें सौंप देना चाहिए। चुनाव आयोग से 5 सवाल पूछे है। पहला- आप भारत के लोगों को डिजिटल, मशीन-पठनीय प्रारूप में मतदाता सूची क्यों नहीं उपलब्ध करा रहे हैं? दूसरा- आप वीडियो साक्ष्य क्यों नष्ट कर रहे हैं? तीसरा- चुनाव आयोग मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी क्यों कर रहा है ? (Rahul Gandhi on Modi)

सांसद राहुल गांधी का चौथा सवाल यह है कि चुनाव आयोग हमारे सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष को धमका क्यों रहा है? 5वां सवाल- चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट की तरह क्यों व्यवहार कर रहा है? कर्नाटक में हमने जो डेटा निकाला है, वह अपराध का सबूत है। इस डेटा को निकालने में हमें 6 महीने लगे। हमने हर एक नाम को चेक किया, हर एक फोटो को लाखों फोटो के साथ मैच किया। हमारा मानना है कि चुनाव का डेटा एक सबूत है। अगर उसे किसी ने खत्म किया तो उसका मतलब है कि वह सबूत मिटा रहा है।कर्नाटक में एक लोकसभा सीट चोरी की गई है। ये जनता के खिलाफ एक अपराध है। कर्नाटक की सरकार को वोट चोरी की जांच करनी चाहिए और एक्शन लेना चाहिए। इलेक्शन कमीशन के अधिकारियों से सवाल पूछने चाहिए। महादेवापुरा की सच्चाई निकालनी चाहिए। हमें एक सीट की सच्चाई निकालने में 6 महीने लगे। अगर चुनाव आयोग ने हमें डेटा नहीं दिया तो यही काम हम बाकी सीटों पर भी कर सकते हैं। चुनाव आयोग को समझना होगा कि आप हमसे न कुछ छिपा सकते हैं, न छिप सकते हैं। (Rahul Gandhi on Modi)

राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग के हर अफसर और इलेक्शन कमिशनर को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए- एक न एक दिन आपको हमारा सामना करना होगा। देश की आवाज उठाता रहूंगा। उन्होंने कहा कि हमने भारत के संविधान की रक्षा की है। अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल की आवाज भारत के संविधान में गूंजती है। बसवना, नारायण गुरु और फुले की आवाज भी इसमें गूंजती है। हमारे भारत का संविधान हर व्यक्ति को वोट देने का अधिकार देता है। भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है – इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा। अब जनता बोल रही है – बहुत हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र के खिलाफ अपराध है, जिन्होंने भी ये अपराध किया है- उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। (Rahul Gandhi on Modi)



