Google Analytics —— Meta Pixel

कोरबा जिले में डायरिया का प्रकोप, नेवसा गांव में 12 लोग बीमार, जानिए लक्षण और बचाव के उपाय

Diarrhea in Korba District: कोरबा जिले में डायरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला पाली ब्लॉक के नेवसा गांव का है, जहां एक पुरुष समेत 12 ग्रामीण डायरिया से पीड़ित हो गए हैं। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कुएं का दूषित पानी पीने से ग्रामीण बीमार हुए हैं, जिनका इलाज उतरदा PHC की टीम विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर कर रही है। गांव में कुएं पर फ्लेक्स लगाकर लोगों को सतर्क किया गया है और दूषित पानी पीने से मना किया गया है।

यह भी पढ़ें:- आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए 19 अगस्त को निकलेगी तीसरी लॉटरी

मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी यानी CMHO डॉ. एस. एन. केसरी ने बताया कि विभाग ने तत्काल राहत और इलाज की व्यवस्था की है। साथ ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में कोरबा जिले के कई गांवों जैसे दौरीकलारी, भलवामुड़ा, दुमाड़ीह में भी डायरिया के मामले सामने आ चुके हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर इलाज किया और कई मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक बरसात के मौसम में दूषित पानी और गंदगी के कारण डायरिया तेजी से फैलता है। (Diarrhea in Korba District)

डायरिया के लक्षण

बार-बार पतला या पानी जैसा दस्त- दिन में 3 से ज्यादा बार पतला दस्त होना डायरिया का संकेत है।

पेट में दर्द और ऐंठन- लगातार मरोड़, भारीपन या पेट में चुभन महसूस होना भी डायरिया के लक्षण है।

जी मिचलाना और उल्टी- खाने या पानी पीने के बाद उल्टी होना भी एक लक्षण है।

बुखार और ठंड लगना- हल्का या तेज बुखार आ सकता है।

भूख में कमी- खाने का मन न करना या हल्की मात्रा में खाने के बाद भी पेट भरा-भरा लगना भी एक लक्षण हो सकता है।

डिहाइड्रेशन के संकेत

  • मुंह और गला सूखना
  • पेशाब कम होना या रंग गहरा होना
  • चक्कर आना, थकान महसूस होना
  • बच्चों में आंखें धंसना और रोते समय आंसू कम आना

स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों के मुताबिक डायरिया से बचने के लिए बरसात के मौसम में साफ-सफाई और पानी की शुद्धता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

डायरिया से बचाव के उपाय

साफ और सुरक्षित पानी पिएं- हमेशा उबला, फिल्टर किया हुआ या पैक्ड पानी ही इस्तेमाल करें। कुएं, हैंडपंप या टंकी का पानी तभी पिएं, जब उसे क्लोरीन या फिटकरी से शुद्ध किया गया हो।

हाथों की सफाई – खाने से पहले और शौचालय के बाद साबुन और साफ पानी से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोना जरूरी है।

साफ-सुथरा खाना- फल और सब्जियां अच्छी तरह धोकर खाएं, भोजन को ढककर रखें और बासी या सड़नयुक्त खाना न खाएं।
स्ट्रीट फूड और खुले में बिकने वाले खाने से बचें- बरसात में सड़क किनारे मिलने वाले गोलगप्पे, चाट, कटे फल संक्रमण का बड़ा कारण बन सकते हैं।

बच्चों का टीकाकरण- रोटावायरस वैक्सीन बच्चों को जरूर लगवाएं, जिससे गंभीर डायरिया का खतरा कम हो जाता है।

डायरिया के शुरुआती लक्षण दिखते ही तुरंत कुछ कदम उठाने से स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सकती है।

तत्काल इलाज के उपाय

पानी और इलेक्ट्रोलाइट की पूर्ति- हर दस्त के बाद एक गिलास ORS घोल या नारियल पानी पिएं, ताकि शरीर में पानी और लवण की कमी न हो।

हल्का और सुपाच्य खाना- केले, उबले आलू, सफेद चावल और दलिया जैसे हल्के आहार लें। मसालेदार, तैलीय और डेयरी उत्पाद से परहेज करें।

आराम करें- शरीर को पर्याप्त आराम दें, ताकि संक्रमण से लड़ने की क्षमता बनी रहे।

डॉक्टर से संपर्क- अगर दस्त 2 दिन से ज्यादा चले, खून मिले, तेज बुखार आए, या डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!