Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के कांपा में 15 लाख की लूट निकली फर्जी, कारोबारी ही निकला मास्टरमाइंड

Kampa Robbery Case: रायपुर पुलिस ने कांपा इलाके में कथित रूप से हुई 15 लाख रुपए की लूट के मामले का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि 27 साल के कारोबारी चिराग जैन ने शेयर बाजार (MCX) में हुए भारी नुकसान और ओडिशा के एक कारोबारी का कर्ज चुकाने से बचने के लिए लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि चिराग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रोजाना कांपा मंडी गेट से होकर देवेंद्र नगर स्थित अपनी दुकान जाता है। सोमवार को वह पांच दिन का कलेक्शन यानी करीब 15 लाख रुपए लेकर जा रहा था। आरोपी के मुताबिक वो मोवा ओवरब्रिज से होते हुए जैसे ही मंडी गेट फाटक के पास पहुंचा, पीछे से बाइक पर आए तीन लुटेरों ने उसकी कार को ओवरटेक किया और रोक लिया।

यह भी पढ़ें:- महतारी वंदन योजना को लेकर सियासत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, डिप्टी CM साव का जवाब

चिराग जैन के मुताबिक एक लुटेरा नकाबपोश था और दो बिना नकाब के थे। दो लुटेरे कार के पास आकर बातचीत का बहाना करने लगे, जैसे ही उसने खिड़की का शीशा नीचे किया, उन्होंने हाथ डालकर कार का लॉक खोला और बैग में रखे नकद रुपए और हाथ में पहनी दो अंगूठियां लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और कारोबारी के घर के बीच 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कथित लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने चिराग से दोबारा पूछताछ की, जिसमें वह बार-बार अपने बयान बदलने लगा। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और पंडरी पुलिस ने उसकी बैंक डिटेल की जांच की, जिसमें हाल के दिनों में किसी बड़े लेन-देन का पता नहीं चला। (Kampa Robbery Case)

वहीं कड़ाई से पूछताछ करने पर चिराग ने स्वीकार किया कि लूट की कहानी पूरी तरह झूठी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रकम भी बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मौके से न तो कोई गवाह मिला और न ही कोई स्पष्ट सबूत। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों में भी संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। पुलिस ने चिराग से कई बार पूछताछ की। हर बार उसके बयान में छोटे-छोटे फर्क पाए गए। जैसे पैसे लाने-जाने का समय, जगह और लूट की परिस्थितियां बदलती रहीं। इन विरोधाभासों से शक गहराता गया। जांच में सामने आया कि वास्तव में कोई लूट हुई ही नहीं थी। पुलिस अब चिराग जैन के खिलाफ झूठी शिकायत करने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। (Kampa Robbery Case)

Back to top button
error: Content is protected !!