रक्षाबंधन पर रिश्ते को कलंकित- चचेरे भाई ने नाबालिग बहन से दुष्कर्म कर की हत्या
दिल दहला देने वाली वारदात से क्षेत्र में आक्रोश
औरैया (उत्तर प्रदेश) : रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार को शर्मसार करने वाली घटना ने जिले को झकझोर दिया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के कक्षपुरा मजरे में 9 अगस्त 2025 को एक चचेरे भाई ने अपनी 14 वर्षीय बहन के साथ दुष्कर्म किया और गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि अपराध को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
यह भी पढ़े :- बस्तर के विकास में एक और क्रांतिकारी कदम, दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना दिसंबर तक होगी पूरी
घटना का क्रम
रक्षाबंधन के दिन मृतका अपने ताऊ के घर राखी बांधकर रात में घर लौटी थी। उस समय मां और बहनें नोएडा में थीं, जबकि पिता घर के बाहर झोपड़ी में सो रहे थे। आरोप है कि चचेरा भाई सुरजीत सक्सेना, जो दिन में राखी बंधवा चुका था, रात में शराब पीकर शौच का बहाना बनाकर घर में घुसा और अकेली बहन से दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो उसका गला घोंट दिया।
सुबह का भयावह दृश्य
सुबह जब पिता ने बेटी को जगाने की कोशिश की, तो दरवाजा बंद मिला। पड़ोस की बच्ची की मदद से दरवाजा खुलवाया गया तो बेटी का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से खून के धब्बे मिले, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई।
जांच में खुलासा
पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो आरोपी ने शुरुआत में बचाव करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद सख्ती से पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस की कार्रवाई
औरैया एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि मामले का खुलासा करने वाली एसओजी और बिधूना पुलिस टीम को ₹25,000 का इनाम दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है। स्थानीय लोग दोषी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



