रायपुर में ड्रग्स तस्करी का खेल, हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स का नशा करने वाले 4 युवक भी पकड़ाए

Drug Smuggling in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स का नशा करने और बेचने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की और दो-दो लाख रुपए के बाउंड ओवर पर छोड़ा है। दरअसल, वायरल वीडियो में युवक और नाबालिग लड़कियां खुलेआम नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे थे। आरोपियों की पहचान चंदन सोनकर, रितेश सोनी, शिवम धीवर और तैफिउद्दीन के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर से कोरबा और जांजगीर-चांपा तक स्टंटबाजों पर एक्शन, फिर भी नहीं थम रहा खतरनाक स्टंट का खेल
वहीं वीडियो में दिखे कुछ टीनएजर्स की काउंसलिंग कराकर उन्हें उनके परिजनों के सौंप दिया गया है। दूसरी कार्रवाई तेलीबांधा पुलिस ने की है। पुलिस ने काशीनगर स्थित मुक्तिधाम के पास से तीन आरोपियों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अर्पित लाल मरकाम, मनीष राजपाल और नयन भाटिया के रूप में हुई है। साथ ही उनके पास से 6.30 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल, बिक्री की रकम और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। (Drug Smuggling in Raipur)

एंड टू एंड कार्रवाई हो रही: डिप्टी CM शर्मा
ड्रग्स की बढ़ती घटनाओं को लेकर डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार और पुलिस दोनों ही इस पर पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस के मामले अब पहले से कहीं ज्यादा दर्ज हो रहे हैं। एंड टू एंड कार्रवाई हो रही है। प्रॉपर्टी जब्त करने तक की कार्रवाई की जा रही है, जो पहले कभी नहीं होती थी। सरकार हर स्तर पर ड्रग्स के खिलाफ कड़ा कदम उठाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि रायपुर समेत प्रदेश में ड्रग्स सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। बता दें कि बीते कुछ समय से छत्तीसगढ़ में ड्रग्स तस्करी और सेवन करने के मामले बढ़ गए हैं। (Drug Smuggling in Raipur)



