छत्तीसगढ़ में 20 अगस्त को हो सकता है कैबिनेट विस्तार, 3 विधायकों ने की मुख्यमंत्री साय से मुलाकात
Chhattisgarh Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें फिर तेज हो गई है। दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के गठन को कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है। यही वजह है कि अब जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त को नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण की संभावना है। इस बीच सोमवार रात को विधायक खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल और गजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अलग-अलग मुलाकात की।
यह भी पढ़ें:- स्टेट कैपिटल रीजन से तेजी से होगा विकास, नागरिक सुविधाओं में आएगा नया आयाम: मुख्यमंत्री साय
इन मुलाकातों ने अटकलों को और मजबूती दी है कि कुछ नए चेहरों को जल्द मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। राजभवन में भी नेताओं का आना-जाना जारी रहा। रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने राज्यपाल रमेन डेका से शिष्टाचार मुलाकात की। इससे पहले बिलासपुर विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल भी राज्यपाल से करीब एक घंटे तक चर्चा कर चुके थे। लगातार हो रही इन बैठकों ने संकेत दिया है कि जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है। हालांकि मुलाकात के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। (Chhattisgarh Cabinet Expansion)
कब खत्म होगा इंतजार
मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट के बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का अचानक दिल्ली दौरा भी सियासी मायनों से देखा जा रहा है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार यानी 19 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद कैबिनेट विस्तार को लेकर तस्वीर और साफ हो जाएगी। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है कि कैबिनेट अधूरा क्यों है। इससे विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है। ऐसे में लग रहा है कि इंतजार की घड़ी अब खत्म होने वाली है। (Chhattisgarh Cabinet Expansion)



