Google Analytics —— Meta Pixel

दो राज्यों के सरकारी स्कूल में नौकरी करने वाला शिक्षक बेनकाब, 4 साल से उठा रहा था दोहरी सैलरी

Job in Two State: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक पर दो अलग-अलग राज्यों के सरकारी स्कूलों में एक साथ नौकरी करने और दोनों जगह से वेतन उठाने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक राजेश कुमार वैश्य की नियुक्ति साल 2022 में सूरजपुर के बिहारपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में संविदा शिक्षक के तौर पर हुई थी, लेकिन इससे पहले ही वे मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के मकरोहर गांव के सरकारी स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में पढ़ा रहा थे।

यह भी पढ़ें:- नीले ड्रम वाली कातिल हसीना का पर्दाफाश, प्रेमी के साथ पकड़ी गई रीलबाज लक्ष्मी

राजेश वैश्य ने सीमा क्षेत्र का फायदा उठाया। वे सुबह 7 से 11 बजे तक छत्तीसगढ़ के स्कूल में ड्यूटी करते थे। इसके बाद दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक MP के स्कूल में पढ़ाते थे। उसने इस तरह समय का तालमेल बैठाया कि 4 साल तक किसी को भनक तक नहीं लगी। छात्रों ने बताया कि कि सर समय पर आते हैं और पढ़ाई कराते हैं। वहीं आरोपी शिक्षक राजेश वैश्य का कहना है कि मैं चार साल से दोनों स्कूलों में पढ़ा रहा हूं। छत्तीसगढ़ में संविदा और MP में अतिथि शिक्षक हूं। एक नौकरी से गुजारा नहीं होता, इसलिए दोनों जगह पढ़ाता हूं। (Job in Two State)

जांच समिति का गठन

मामले का खुलासा होने के बाद सूरजपुर जिला शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा ने BEO की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया है। साथ ही आरोपी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं सिंगरौली के जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह ने कहा कि यह मामला पहली बार संज्ञान में आया है। जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोप है कि राजेश ने छत्तीसगढ़ की नौकरी पाने के लिए फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाया था। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि उसे किन दस्तावेजों और किन लोगों की मिलीभगत से यह नियुक्ति मिली। (Job in Two State)

कई तरह के उठ रहे सवाल

फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि चार साल तक विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। आखिरकार इतनी बड़ी लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी है। हालांकि शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगर आरोप पुख्ता हुए तो राजेश वैश्य पर न सिर्फ सेवा समाप्ति बल्कि वेतन वसूली और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। अब देखना होगा कि दोनों राज्यों की जांच एजेंसियां कितनी सख्त कार्रवाई करती है और दोहरी नौकरी करने वाले मास्टरजी पर वाकई गाज गिरती है या नहीं। फिलहाल इस घटना के बाद से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। (Job in Two State)

Back to top button
error: Content is protected !!