Vice President Election 2025 : उपराष्ट्रपति पद के लिए बी. सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया नामांकन, मौजूद रहे INDIA Bloc के बड़े नेता

Vice President Election 2025 : उपराष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। INDIA Bloc के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शरद पवार, राम गोपाल यादव, संजय राउत और अन्य वरिष्ठ विपक्षी नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- हमले के बाद दिल्ली CM रेखा गुप्ता को Z सिक्योरिटी, 25 हथियारबंद जवान तैनात
9 सितंबर को चुनाव और मतगणना
उपराष्ट्रपति पद (Vice President Election 2025) के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी संपन्न होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त तय की गई है, जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।
धनखड़ के इस्तीफे के बाद रिक्त हुआ पद
यह पद उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों से 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुआ था। उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है।
NDA उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन
वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से सी. पी. राधाकृष्णन मैदान में हैं। उन्होंने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं राज्यसभा महासचिव और चुनाव अधिकारी पी. सी. मोदी को नामांकन पत्रों के चार सेट सौंपे।
मुकाबला दिलचस्प
ऐसे में उपराष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला INDIA Bloc के बी. सुदर्शन रेड्डी और NDA के सी. पी. राधाकृष्णन के बीच होगा। राजनीतिक हलकों में इस चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। (Vice President Election 2025)



