मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासत जारी, बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों पर किया पलटवार

BJP on Congress Allegations: छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासत जारी है। इस बीच डिप्टी CM अरुण साव ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की मांग को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि लगातार संविधान के खिलाफ काम करने वाले लोगों को ऐसा बोलने का अधिकार नहीं है। ये पूरी तरह संविधान सम्मत है। हरियाणा में भी इसी तरह होता है। किसी भी तरह से संविधान का उल्लंघन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल रमेन डेका पत्र का जवाब देंगे। वहीं पूर्व CM भूपेश बघेल के कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए लोगों को मंत्री बनाए जाने वाले बयान पर कहा कि उनका काम ही सवाल उठाना है। मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ था, तब भी सवाल उठा रहे थे और अब विस्तार हो गया है, तब भी सवाल उठा रहे हैं। हमारा काम जनता की सेवा करना है। वो सवाल उठाते रहे, हम जनता की सेवा करते रहेंगे।
यह भी पढ़ें:- नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्यपाल रमेन डेका को लिखा पत्र, एक मंत्री को पद से हटाने की मांग
साव ने कहा कि अब हमारे मंत्रिमंडल में 14 सदस्य शामिल हो गए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार चर्चा का विषय था, लेकिन अब इस चर्चा का अंत हो गया है। खेल विभाग की जिम्मेदारी मुझे दी गई है। अब प्रदेश में खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों का विकास डबल स्पीड से होगा। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है तो काम भी डबल गति से होगा। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। कांग्रेस के नेताओं को अपना नजरिया बदलने की जरुरत है। कांग्रेस के लोग ना संविधान को मानते हैं ना कानून को, उन्हें सब जगह लगता है यह संविधान के अनुरूप नहीं है। साव ने कहा कि 3 करोड़ जनता को लक्ष्य कर विभागों का बंटवारा हुआ है। (BJP on Congress Allegations)
कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने किया पलटवार
उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन में खुशहाली आ सके यह ध्यान रखा गया। युवा, ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को मौका मिला है। पदों की संख्या सीमित है। इसलिए समन्वित टीम बनी है। सब मिलकर छग की तरक्की, बेहतरी के लिए काम करेंगे। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों को दरकिनार करने के आरोप पर कहा कि भूपेश बघेल कब से भाजपा के शुभचिंतक हो गए ? वरिष्ठों को सम्मान देना था तो भूपेश अपने मंत्रिमंडल में देते। कांग्रेस शासन में डिप्टी CM ने इस्तीफा भी दिया था विभाग से, ये भूल गए भूपेश बघेल। किस तरह पत्रकारवार्ता बुलाई गई थी उसे याद कर लेते पहले। वहीं भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बहुत अच्छी कैबिनेट बनी है। नवाचारी, उत्साह से भरे लोगों के साथ संतुलित कैबिनेट बनी है। (BJP on Congress Allegations)
राजनीति में सही और योग्य को मंत्री बनाया जाता है: चंद्राकर
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए प्रेमसाय टेकाम, धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा के साथ कैसा व्यवहार किया था। राजनीति में सही और योग्य को मंत्री बनाया जाता है। कैबिनेट विस्तार पर कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों हो रहा है। 14 मंत्री बनाए जाने पर कहा कि हरियाणा में कांग्रेस विपक्ष में है या नहीं। भूपेश बघेल को भूपिंदर हुड्डा से पूछना चाहिए। भूपिंदर हुड्डा ने हरियाणा में क्या किया। बोलने के लिए भूपेश बघेल ना बोले। पहले अपनी पार्टी से पता करें। इधर, पूर्व CM भूपेश बघेल ने बिलासपुर में कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं का हाल ऐसा है कि उन्हें केवल दरी उठाने और झंडा लगाने के लिए रखा गया है, जबकि दूसरे दल से आने वालों को बड़ी कुर्सियां मिलती हैं। साव के 14 मंत्री को सही बताने पर कहा कि अगर यह बात डिप्टी CM विजय शर्मा बोलते तो समझ में आता वह कानून के जानकार नहीं है। अरुण साव कहते हैं, जो हाईकोर्ट में वकील भी रहे हैं, विधि विधायी मंत्री रहे हैं। उनका 14 मंत्रीमंडल को सही बताना, हरियाणा का उदाहरण देना और घोर आपत्तिजनक है। (BJP on Congress Allegations)
पूर्व CM बघेल ने साव से पूछे सवाल
बघेल ने कहा कि अरुण साव को बताना चाहिए लोकसभा, विधानसभा, सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट में ये कब पारित हुआ। हरियाणा के मामले में स्टे नहीं मिला है। इसलिए वहां 14 मंत्री चल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में पूरा मंत्रिमंडल असंवैधानिक है। अगर असंवैधानिक कृत्य हुआ है तो कोई भी निर्णय लेंगे वो संवैधानिक नहीं होगा। प्रदेश में संविधान की समस्या खड़ी हो गई है। संविधान के विपरीत जाकर मंत्रिमंडल का गठन होता है तो फिर वह जो फैसला लेंगे वह सही होगा या गलत। इस पर डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि यह एक संयमित और सोच-समझकर लिया गया निर्णय है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए चेहरों के साथ सरकार नई उम्मीदों और उपलब्धियों की ओर बढ़ेगी। बीजेपी प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने 14 मंत्री बनाए जाने को लेकर कांग्रेस के सवालों पर कहा कि जब संवैधानिक व्यवस्था है तो अनुमति की जरूरत नहीं है। बघेल परंपराओं में फंसे हुए हैं। संवैधानिक व्यवस्था का वर्णन नहीं कर रहे। विधायकों की संख्या के 15% मंत्री बन सकते हैं। इसमें किससे अनुमति की आवश्यकता है। उन्होंने जो अशासकीय संकल्प दिए हैं, उसका क्या जवाब आया, नहीं आया। यह कोई विषय नहीं है। (BJP on Congress Allegations)
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर बोला हमला
वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा में अंतर्कलह और प्रदेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू होने की कपोल कल्पना करके भाजपा के आंगन में ताक-झांक करने की अपनी लत से कांग्रेस बाज नहीं आ रही है। बैज पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग अपनी पार्टी के घमासान को तो थाम नहीं पा रहे हैं। दीपक बैज को अपनी पार्टी की ज्यादा चिंता करनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज को पहले अपनी और कांग्रेस के चरमराते संगठन की फिक्र करनी चाहिए। कांग्रेस में अब कोई किसी की सुनने को तैयार ही नहीं है। खुद बैज तो दो साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी अपनी प्रदेश कार्यकारिणी तक नहीं बना पाए है और उदार की पुरानी कार्यकारिणी से काम चलाने को विवश है। भाजपा के वरिष्ठ विधायकों की फिक्र में दुबले हुए जा रहे। बैज पहले कांग्रेस में अपनी उपेक्षा से तो स्वयं को उबार लें। वहीं एक और भाजपा नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ छोटा प्रदेश है, जहां विभागों की संख्या ज्यादा है। इसलिए लोड ज्यादा है। छत्तीसगढ़ के लोग भी चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा मंत्री बनें। हरियाणा में 90 विधायकों में से 14 मंत्री बनाए जाते हैं। इसी तर्ज पर बीजेपी ने 14वां मंत्री पहली बार बनाया है। इसलिए कांग्रेस के लोग राजनीति कर रहे हैं। इस पर राजनीति न हो। (BJP on Congress Allegations)



