रायपुर में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, रायपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी

Raipur Police Action: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अंतर्राज्यीय नेटवर्क से लेकर स्थानीय सप्लायर्स तक पुलिस ने ड्रग माफिया पर शिकंजा कसते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे स्टेशन रोड पर पुलिस ने अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 27.58 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, एक सोनेट कार, नकदी रकम, तौल मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त माल की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए है। मुख्य आरोपी मोनू विश्नोई हरियाणा के हिसार का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें:- त्योहारों का ब्रांड एंबेसडर बनने की कोशिश करती है कांग्रेस: डिप्टी CM अरुण साव
वहीं रविवार को कबीर नगर क्षेत्र में रायपुर पुलिस ने बड़ी छापेमारी की। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रक्षित केंद्र की 100 सदस्यीय टीम मौजूद रही। कार्रवाई में हेरोइन रखने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हुआ। साथ ही 20 से ज्यादा आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। रायपुर रेलवे स्टेशन में आबकारी विभाग और RPF ने संयुक्त कार्रवाई की। साथ ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी ओडिशा से बस में गांजा लाया था और मुंबई जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पकड़े गए युवक के पास से 16 किलो 650 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 33 हजार रुपए है। (Raipur Police Action)

रायपुर पुलिस ने वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए हेरोइन (चिट्टा) का सिंडिकेट चलाने वाले गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से हेरोइन (चिट्टा), दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया गया। 18 अगस्त को टिकरापारा में पंजीबद्ध नारकोटिक एक्ट प्रकरण में पुलिस ने हेरोईन सप्लाई नेटवर्क के दो और पेडलर्स को गिरफ्तार किया। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहे हैं। SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे और तेज की जाएगी। (Raipur Police Action)




