MP कांग्रेस अध्यक्ष का विवादित बयान, कहा- देशभर में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं मध्यप्रदेश की महिलाएं, बीजेपी हुई हमलावर

MP Congress President Patwari: मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आपका बेटा बेरोजगार है, अगर आपका बेटा शराब पीकर घर आ रहा है तो मैं 100% विश्वास के साथ कह रहा हूं कि इसके लिए भाजपा, शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव जिम्मेदार हैं। मध्यप्रदेश की महिलाएं देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। देश में सबसे ज्यादा शराब की खपत मध्यप्रदेश में होती है। इस बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार लाडली बहनाओं के लिए लगातार काम कर रही है और पीएम मोदी महिलाओं को 33% आरक्षण देकर उन्हें लोकसभा और विधानसभा में जोड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने ना कभी आरक्षण दिया, ना कभी बहनों का सम्मान किया, ना ही उनके लिए कोई योजना चलाई और उल्टा कांग्रेस द्वारा बहनों को शराबी कहना ये सारे प्रदेश की बहनों का अपमान है।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Sushasan Express : शासन-प्रशासन अब आपके दरवाज़े पर : सुशासन एक्सप्रेस अभियान शुरू
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को माफी मांगना चाहिए। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस ने ही अपने लंबे कुशासन से मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य का कलंक दिया है। भाजपा सरकारों ने मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम किया है। विकास के मामले में तो वे पहले ही बेनकाब हो चुके हैं, लेकिन महिलाओं को इस तरह शराबी कहना…वे कुंठित मानसिकता से ग्रस्त हैं, जो पार्टी मुद्दाविहीन होती है, वह दिशाहीन भी हो जाती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी के प्रिय कृपापात्र जीतू पटवारी के प्रदेश की मातृशक्ति को शराबी कहकर उन्हें अपमानित करने के शर्मनाक बयान की जितने कड़े शब्दों में निंदा की जाए कम है। (MP Congress President Patwari)
महिलाओं की आस्था का घोर अपमान: प्रदेशाध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जब देशभर में करोड़ों बहने सात्विक श्रद्धा से निराहार रहकर हरतालिका तीज का व्रत रख रही हैं, ऐसे पावन दिवस मातृशक्ति के खिलाफ इस तरह के अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना न सिर्फ भारतीय संस्कृति बल्कि करोड़ों महिलाओं की आस्था का भी घोर अपमान है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार लाड़ली बहनों को सम्मान पूर्वक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है, इसलिए चिढ़ी कांग्रेस अब बौखलाई हुई है। मातृशक्ति के खिलाफ अमर्यादित बयान के लिए जीतू पटवारी महिलाओं से माफी मांगें। जीतू पटवारी का बयान अत्यंत निंदनीय है। शायद बहनों का अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति है। हमारे देश की महिलाएं जितना त्याग करती हैं, उसके लिए उनका जितना सम्मान किया जाए वो कम है। (MP Congress President Patwari)
मध्यप्रदेश की महिलाओं का अपमान: त्रिवेदी
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह न केवल मध्यप्रदेश की महिलाओं का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की महिला विरोधी, क्षुद्र और विकृत मानसिकता का एक अशोभनीय उदाहरण है। चाहे वह पूर्व कांग्रेस नेता अंगिका दत्ता हों, राधिका खेड़ा हों या प्रियंका चतुर्वेदी – उनके अनुभव सार्वजनिक हैं। इससे पहले भी, कई कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं के खिलाफ बेहद अनुचित टिप्पणियां की हैं। एक प्रमुख अखबार ने कहा है कि ग्रामीण तेलंगाना भारत में शराब का सबसे बड़ा उपभोक्ता बन गया है। मुझे लगता है कि कांग्रेस अभी भी 99 के नशे में है और उसे सच्चाई दिखाई नहीं दे रही है। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से महिला विरोधी रही है, जिस तरह से उन्होंने पहले भी महिलाओं पर टिप्पणी की है, मुझ पर भी उन्होंने टिप्पणी की थी। इसलिए यह कोई बड़ी बात नहीं है कि कांग्रेस ने एक बार फिर महिलाओं का अपमान किया है। (MP Congress President Patwari)
जीतू पटवारी ने CM यादव से मांगा जवाब
इधर, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आपकी सरकार ने शराब की बिक्री और खपत को देश में सबसे ज्यादा कर दी है। क्या मुझे अपनी आवाज नहीं उठानी चाहिए? मैं यह PM मोदी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर कह रहा हूं, यह मेरा आरोप नहीं है। मोहन यादव को जवाब देना चाहिए कि विश्वास सारंग की फोटो ड्रग माफियाओं के साथ क्यों है, प्रह्लाद पटेल, आपके वित्त मंत्री की फोटो ड्रग माफियाओं के साथ क्यों है। आपको जवाब देना होगा कि रिपोर्ट में नशे की लत के शिकार युवाओं और महिलाओं का प्रतिशत क्यों बढ़ रहा है। आपने कहा था कि आप लाडली बहनों को 3000 रुपये देंगे लेकिन आप 1200 रुपये दे रहे हैं और 1800 रुपये की चोरी कर रहे हैं… आपको षड्यंत्र की राजनीति करना बंद करना चाहिए। मोहन यादव को माफी मांगनी चाहिए, जिन्होंने 3000 रुपये का वादा किया था और 1200 रुपये दे रहे हैं, शिवराज सिंह चौहान को माफी मांगनी चाहिए जो किसानों का पैसा, युवाओं की नौकरी खा गए। माफी भाजपा, मोहन यादव मांगे। (MP Congress President Patwari)



