Google Analytics —— Meta Pixel

बिहार चुनाव से पहले आर-पार, कांग्रेस ने कहा- भाजपा बौखलाई, बीजेपी बोली- पहले चोरी और फिर सीना जोरी

BJP Congress on Bihar: बिहार में चुनाव से पहले राजनीतिक दलों का दौरा जारी है। इस बीच मधुबनी में कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह कई बार कह चुके हैं कि भाजपा सरकार 40-50 साल तक चलेगी। तो मैं सोचने लगा कि उन्हें कैसे पता कि वे 40-50 साल तक सत्ता में रहेंगे ? यह एक अजीब बयान था। आज देश के सामने सच्चाई आ गई है कि भाजपा वाले ‘वोट चोरी’ करते हैं। इसकी शुरुआत गुजरात से हुई, फिर 2014 में यह राष्ट्रीय स्तर पर आया और फिर अन्य राज्यों में… मैं झूठ नहीं बोलता, मैं तभी कुछ कहता हूं जब मेरे पास तथ्य होते हैं। मेरे प्रेस कॉन्फ्रेंस पर किसी भी भाजपा नेता ने अपनी टिप्पणी नहीं दी।

यह भी पढ़ें:- MP कांग्रेस अध्यक्ष का विवादित बयान, कहा- देशभर में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं मध्यप्रदेश की महिलाएं, बीजेपी हुई हमलावर

उन्होंने कहा कि खासकर जब वे हर चीज पर टिप्पणी करते हैं। PM मोदी और अमित शाह ने एक शब्द भी नहीं कहा। एक चोर हमेशा चुप रहता है, क्योंकि वह जानता है कि वह पकड़ा गया है। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान के बिना, किसान भी कुछ नहीं कर सकते। आरएसएस के लोग कभी तिरंगे के सामने सलामी नहीं देते थे। आज वे करते हैं, लेकिन उनके अंदर कुछ और भावनाएं हैं। वोट देने के अधिकार के बिना, हम कुछ नहीं कर सकते। मोदी जी आपको टीवी पर दिखते हैं, लेकिन जब चोरी पूरी हो जाएगी तो वो भी नहीं दिखेंगे। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा बौखलाई है और छटपटाई है, लेकिन वो जान लें कि लोगों की वोट चोरी करना राष्ट्रद्रोह है। लोगों की वोट पर डाका डालना प्रजातंत्र, लोकतंत्र पर हमला है। (BJP Congress on Bihar)

सुरजेवाला ने बीजेपी पर साधा निशाना

सुरजेवाला ने कहा कि लोगों के अधिकार और वोट के अधिकार को खत्म करना इस देश के संविधान पर बुलडोज़र चलाना है। राहुल गांधी के नेतृत्व में सभी विपक्षी दल इस लड़ाई को एक स्वर से लड़ रहे हैं। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि यहां संविधान की ओर से दिए गए अधिकारों को लोगों से छीना जा रहा है। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबूत दिए हैं। वोट चोरी हुई है और राहुल गांधी के दिए गए सबूतों पर चुनाव आयोग की ओर से कोई जवाब नहीं आया। आज लोगों को एहसास हो गया है कि विपक्ष, INDIA गठबंधन के नेता सच बोल रहे हैं। आज उसी का नतीजा है कि लोग यहां उमड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा कि सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा है, लोग निराश और हताश थे लेकिन राहुल गांधी उनकी आवाज बने और वोटर अधिकार यात्रा के जरिए लगातार लोगों के बीच हैं। (BJP Congress on Bihar)

प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल

लांबा ने कहा कि आज प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल हुईं। महिलाएं बड़ी संख्या में आईं और अपने वोट कटने की बात कही। SIR, वोट चोरी के ख़िलाफ़ ये पूरा जन आंदोलन बन गया है। 1 सितंबर को पटना से दिल्ली तक ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा गूंजेगा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि दुनिया में चुनाव आयोग की छवि धूमिल हुई है, चुनाव आयोग की इज़्ज़त नहीं रह गई। राहुल गांधी सवाल पूछकर आपको आईना दिखा रहे थे, लेकिन वे उल्टा आरोप लगाने लगे। जब वही काम अनुराग ठाकुर किए तब उन्हें नोटिस नहीं दिया गया। इससे पता चलता है कि आप सत्ता के दबाव में हैं, भाजपा की तरफ चुनाव आयोग का झुकाव दिखता है। सब समझ गए हैं कि ये भारतीय निर्वाचन आयोग नहीं रह गया, ये भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग हो गया है। (BJP Congress on Bihar)

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि क्या विपक्ष वाले चाहते हैं कि यहां पर बांग्लादेशी वोट दे? क्या ये लोग बिहार को नदान समझते हैं ? बिहार की जनता को ये लोग भ्रमित करना चाहते हैं? जो दो लोग (राहुल गांधी और तेजस्वी यादव) बिहार की गली-गली में घूम रहे हैं यही लोगों ने दशकों तक गरीबों को वोट देने नहीं दिया। इन लोगों को क्या बिहार नहीं जानता…इनके पास कोई जनाधार बचा नहीं है, बार-बार हारने की हताशा से ये भारत की संवैधानिक व्यवस्था को तोड़ने में लगे हुए हैं। बिहार की जनता सजग है। मैं राहुल गांधी के हिम्मत की दाद देता हूं, पहले चोरी करना और फिर सीना जोरी करना। बिहार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गाली देंगे। फिर भी राहुल गांधी उन्हें लेकर घूम रहे हैं और कह रहे हैं कि बिहार में वोट चोरी हो रही है। (BJP Congress on Bihar)

कांग्रेस पार्टी घबरा गई है: धर्मेंद्र प्रधान

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक बिहार और अन्य राज्यों के गरीबों के वोट चुराए। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की ताकत बढ़ी है। इसलिए कांग्रेस पार्टी घबरा गई है और अनाप-शनाप कह रही है। मैं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से बिहार के लोगों का अपमान करने के लिए माफी मांगने को कहता हूं। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव का साथ देने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी आई हुई हैं और ये कर क्या रहे हैं? जिन-जिन नेताओं ने देशभर में बिहारियों पर और बिहार के DNA पर सवाल खड़ा कर दिया हो आज तेजस्वी उन नेताओं को बुलाकर उन्हें माला पहना रहे हैं और उनका स्वागत कर रहे हैं। तो आपको बिहार की जनता सबक सिखाएगी। आने वाले बिहार चुनाव में आपका सुपड़ा साफ होगा। (BJP Congress on Bihar)

डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा का तंज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वो बिहार दौरे पर हैं तो रहें दौरा करना उनका काम है, लेकिन झूठ को सच नहीं बना सकते हैं। आज 26 तारीख हो गया है आखिर क्यों नहीं वो एक भी वोट को दाखिल कर पाए इससे साबित होता है कि ये झूठ को सच साबित करना चाहते हैं। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि मतदाता ने SIR के मुद्दे को नकार दिया है। जब उच्चतम न्यायालय इस मामले को देख रही है, उसके बाद राहुल गांधी या INDI गठबंधन द्वारा रोड पर आकर इस बात की चर्चा करना, यह सीधा बताता है कि उनको ना संविधान पर भरोसा है, ना लोकतंत्र पर भरोसा है। INDI गठबंधन का टायर पंचर हो चुका है। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये अधिकार छीनने वाले लोग हैं। अपने दल के अंदर बंधुआ मजदूर बनाने वाले राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अपने दल में जो लोकतंत्र नहीं ला सकते। ये लोकतंत्र के लिए खतरा है। ये परिवारतंत्र को स्थापित करना चाहते हैं और बिहार लोकतंत्र की धरती है बिहार कभी नहीं स्वीकारेगा। (BJP Congress on Bihar)

2010 से भी खराब परिणाम आएंगे: सिन्हा

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इनका 2010 से भी खराब परिणाम इस बार आने की संभावना है। ये कितना भी दौड़ लगा ले तब भी कुछ नहीं होने वाला है। JDU नेता संजय झा ने कि तेजस्वी यादव मखाना के खेत में गए हैं, उनसे पूछना चाहिए कि जब उनकी सरकार थी तब मखाना के लिए क्या किए? जीआई टैग NDA सरकार में प्रधानमंत्री मोदी ने दिया। मखाना का प्रचार दुनिया में किया। अब मखाना बोर्ड बनेगा। ये यात्रा फोटो खींचने और वीडियो बनाने के अलावा कुछ नहीं है। बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिहार को ऐसे ही गाली देती रहती है और रेवंत रेड्डी आज यहां आए हैं, बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। प्रियंका गांधी बिहार आई हैं, उन्हें बताना चाहिए कि उनकी दादी ने कैसे बिहार को लूटा, उनके पिता ने कैसे आरक्षण का विरोध किया, उनकी दादी के पिता ने कैसे दलितों के आरक्षण का विरोध किया, उनकी मां ने कैसे बिहार के साथ अन्याय किया, जो राहुल गांधी घूम रहे हैं, उन्होंने लालू यादव के बिल को फाड़कर मुखिया बनने लायक भी नहीं छोड़ा। (BJP Congress on Bihar)

मतदाता अधिकार यात्रा

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी के ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में शामिल होने पर कहा कि ये राजद-कांग्रेस के लोगों को अपने DNA का पता नहीं है, न देश की संस्कृति का पता। आज अखंड भारत का निर्माता बिहार है और बिहार के इतिहास के बिना देश का इतिहास अधूरा है। जिनके मन में बिहारियों के लिए ये भाव है वो अपनी संस्कृति और संस्कार से दूर जा चुके हैं। ये सब लोग हमेशा बिहारियों के अपमान की बात करते हैं। जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लिए रेवंत रेड्डी कौन है? वे बिहार को गाली देने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने बिहार के लिए क्या किया है? उन्होंने बिहार के लोगों को गाली दी है और कहा है कि मजदूरी करना बिहार के लोगों के DNA में है। अगर रेवंत रेड्डी किसी गांव में आ जाए, तो लोग लाठी-डंडों से उसे दौड़ा देंगे। राहुल गांधी उन्हें मंच पर घुमा रहे हैं, ये उनकी मानसिकता को दर्शाता है कि आप बिहार को गाली देने वाले व्यक्ति को मंच पर घुमा रहे हैं। (BJP Congress on Bihar)

Back to top button
error: Content is protected !!