अमेरिकी टैरिफ को लेकर व्यापारियों ने दी प्रतिक्रिया, जानिए किसने क्या कहा…?

US tariffs on India: भारत पर आज से ट्रंप का 50 परसेंट टैरिफ लागू हो गया है। पहले ये टैरिफ 25 परसेंट था, लेकिन अब ये 50 परसेंट हो गया है। ट्रंप लगातार भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वो भारत पर दबाव डालकर रूस से तेल खरीदना बंद करवाना चाहते हैं, लेकिन भारत ने झुकने से इनकार कर दिया। जिसका नतीजा ये हुआ कि अमेरिका जाने वाले सामानों पर 50 फीसदी टैरिफ लागू कर दिया गया। इससे भारत के व्यापारी परेशान है। राजस्थान हस्तशिल्प निर्यातक संघ के समन्वयक नवनीत झालानी ने कहा कि राज्य का हस्तशिल्प निर्यात लगभग 9000 करोड़ रुपए का है। कुल निर्यात में से 50% अमेरिका को जाता है। अब हमारे उत्पादों पर टैरिफ बढ़कर 50% हो जाएगा। हमारे खरीदारों ने मौजूदा और नए दोनों ऑर्डर रोक दिए हैं। श्रम-प्रधान क्षेत्र होने के कारण यह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कई लोगों को रोजगार देता है। इससे तीन लाख लोग प्रभावित होंगे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर मुठभेड़, 4 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि इसका रत्न और आभूषण उद्योग पर बहुत बड़ा असर पड़ने वाला है। उद्योग में दहशत का माहौल है। कुछ कारखाने केवल अमेरिका को ही रत्न और आभूषण निर्यात करते हैं। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि स्थिति क्या होती है। संभवतः कारखानों को उत्पादन कम करना पड़ सकता है और छोटे उद्योगों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है। मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिका के बीच बातचीत के बाद कोई समाधान निकलेगा। हमें बेचने के लिए वैकल्पिक बाजार ढूंढ़ने होंगे। डरने की कोई जरूरत नहीं है। हमें इंतजार करना चाहिए और देखना चाहिए। सूरत के हीरा निर्माता और व्यापारी जयेश पटेल ने कहा कि हर देश की अपनी नीति होती है। हमें देखना होगा कि यह कैसे आगे बढ़ती है। चूंकि अमेरिका एक बहुत बड़ा बाजार है, इसलिए टैरिफ के कारण हमें कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि यूरोपीय देश और रूस भी हैं, जहां हम सामान बेच सकते हैं। (US tariffs on India)
किसी भी देश के आगे नहीं झुकना चाहिए: जयेश पटेल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कहना सही है कि हमें किसी भी देश के आगे नहीं झुकना चाहिए। अगर ऐसा ही चलता रहा तो हमें अपना कारोबार कम करना होगा और दूसरे देशों में बाजार तलाशने होंगे। सूरत डायमंड एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश खुंट ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि 50% अमेरिकी टैरिफ सूरत के हीरा उद्योग को प्रभावित करेगा, लेकिन इसका प्रभाव अल्पकालिक होगा, दीर्घकालिक नहीं। कोई भी अन्य देश भारत की जगह नहीं ले सकता, क्योंकि हम दुनिया के 90% हीरा उत्पादन यानी प्राकृतिक हीरे की कटाई और पॉलिशिंग के लिए जिम्मेदार हैं। अमेरिका को भारत पर निर्भर रहना होगा। हीरा उद्योग के हितधारकों का कहना है कि अमेरिका की ओर से लगाया गया 50% टैरिफ लागू होने से हीरे का निर्यात कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकता है। (US tariffs on India)
भारतीय निर्यात के लगभग दो-तिहाई हिस्से पर लागू
ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इंस्टीट्यूट के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह 50% टैरिफ भारतीय निर्यात के लगभग दो-तिहाई हिस्से पर लागू होगा। भारत के लगभग 30% निर्यात इससे मुक्त हैं। इनमें पेट्रोलियम उत्पाद, दवाइयां, एपीआई और अन्य संबंधित वस्तुएं शामिल हैं। लगभग 4% उत्पादों पर, जिनमें अमेरिका को हमारे ऑटो कंपोनेंट निर्यात का लगभग आधा हिस्सा शामिल है, 50% नहीं बल्कि 25% टैरिफ लगेगा। शेष दो-तिहाई निर्यात पर 50% टैरिफ लगेगा। यह श्रम-प्रधान क्षेत्रों के लिए बुरा होगा। कुछ क्षेत्रों में भारतीय निर्यात के लिए गंतव्य बाजार के रूप में अमेरिका की हिस्सेदारी बहुत ज्यादा है। हीरे, रत्न और सोने के आभूषणों के मामले में, भारत के वैश्विक निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी लगभग 40% है। अब तक ये वस्तुएँ 2-3% टैरिफ के साथ अमेरिका जाती रही हैं, लेकिन अब, 50% से ज्यादा टैरिफ लगाया जाएगा। इनकी कीमतें बहुत ज्यादा होंगी। थाईलैंड और अन्य देशों के प्रतिस्पर्धी इनकी जगह लेंगे। (US tariffs on India)
अमेरिका को झींगे का निर्यात करता है भारत
अजय श्रीवास्तव ने कहा कि परिधानों और वस्त्रों में अमेरिका को निर्यात 35% से ज्यादा है। हम अमेरिका को 2.5 अरब डॉलर मूल्य के झींगे निर्यात करते हैं। इस पर अब 56% टैरिफ लगेगा। इन सभी क्षेत्रों को नुकसान होगा। हमारे पास दो विकल्प हैं- स्थानीय बाजार और दूसरे देशों में खोज। इसके लिए सरकार विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर करने का प्रयास कर रही है। ऐसे प्रयासों से हम टैरिफ के प्रभावों को काफी हद तक कम कर सकते हैं। बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर से पहले तक 11 लाख करोड़ का व्यापार होता रहा है, जिसमें 3.46 लाख करोड़ का माल भारत अमेरिका से मंगवाता है। जबकि 7.35 लाख करोड़ का माल भारत अमेरिका को बेचता है। अब जिस तरह ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाया है, उसका सीधा असर 7.35 लाख करोड़ के बिजनेस पर पड़ेगा यानी जो भी माल भारत से अमेरिका भेजा जाएगा वो अमेरिका में 50% महंगा हो जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो यकीनन इसकी डिमांड भी कम हो जाएगी, जिससे व्यापारियों को बहुत ज्यादा नुकसान होगा। (US tariffs on India)



