छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर मुठभेड़, 4 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Naxal Encounter News: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में एक पुरुष और तीन महिला शामिल हैं। यह मुठभेड़ गढ़चिरौली जिले के कोपरशी गांव के पास घने जंगलों में हुई, जो छत्तीसगढ़ के पखांजूर क्षेत्र से सटा हुआ इलाका है। यह इलाका नक्सलियों का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जहां पहले भी नक्सली गतिविधियां दर्ज हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि बड़ी संख्या में नक्सली इस इलाके में डेरा जमाए हुए हैं। इसके बाद गढ़चिरौली पुलिस की सी-60 कमांडो टीम को इलाके में रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें:- बीजापुर में 81 लाख के 30 नक्सलियों ने किया सरेंडर, कई घटनाओं में थे शामिल
कमांडो जैसे ही जंगल में आगे बढ़े, नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ कई घंटों तक चली और इस दौरान चार नक्सली मार गिराए गए। मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर, दो इंसास राइफल और एक थ्री-नॉट-थ्री बंदूक बरामद हुई है। साथ ही नक्सलियों के बैग, पिट्ठू और कुछ अन्य सामग्री भी कब्जे में ली गई है। फिलहाल मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि ये सभी गढ़चिरौली और बीजापुर के नक्सली डिवीजन से जुड़े हो सकते हैं। मारी गई महिला नक्सली पर भी कई वारदातों में शामिल होने का शक है। (Naxal Encounter News)
गढ़चिरौली पुलिस ने की पुष्टि
इलाके में अभी भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है, क्योंकि आशंका है कि कुछ अन्य नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकले हैं। बता दें कि बीते कुछ महीनों से सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में एंटी-नक्सल ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। गढ़चिरौली पुलिस ने पुष्टि की है कि ऑपरेशन सफल रहा और इलाके में शांति बहाल रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में अभी बीजेपी की सरकार है। ऐसे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद के खात्मे के डेडलाइन के तहत कार्रवाई की जा रही है। (Naxal Encounter News)



