Google Analytics —— Meta Pixel

भारत में आज से ट्रंप का 50% टैरिफ लागू, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM मोदी को घेरा

Congress on US Tariffs: भारत में आज से ट्रंप का 50% टैरिफ लागू हो गया है, जिसे लेकर सियासत तेज हो गई है। राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके प्रिय मित्र “अबकी बार, ट्रंप सरकार” ने आज से भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया है। इस टैरिफ के पहले झटके के रूप में अकेले 10 क्षेत्रों में हमें अनुमानित 2.17 लाख करोड़ का नुकसान होगा। हमारे किसान खासकर कपास उत्पादक किसान बुरी तरह प्रभावित हैं। आपने कहा था कि आप उनकी रक्षा के लिए कोई भी “व्यक्तिगत कीमत” चुकाने को तैयार हैं, लेकिन आपने इस आघात को कम करने और उनकी आजीविका की रक्षा के लिए कुछ भी नहीं किया।

यह भी पढ़ें:- अमेरिकी टैरिफ को लेकर व्यापारियों ने दी प्रतिक्रिया, जानिए किसने क्या कहा…?

उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार अनुसंधान पहल (GTRI) का सुझाव है कि हमारे सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 1% प्रभावित हो सकता है और इससे चीन को लाभ होगा। MSME समेत कई निर्यात-उन्मुख महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारी संख्या में नौकरियां खत्म होंगी। ट्रंप का टैरिफ कपड़ा, ज्वेलरी सेक्टर के साथ ही कपास व झींगा किसानों के जीवन में भूचाल ला सकता है।भारतीय कपड़ा निर्यात क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह के रोजगारों समेत लगभग 5 लाख नौकरियां खत्म होने की संभावना है। अगर टैरिफ जारी रहे तो रत्न और आभूषण क्षेत्र में डेढ़ से 2 लाख नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं। (Congress on US Tariffs)

खड़गे ने कहा कि अप्रैल में जब अमेरिका ने 10% का आधार टैरिफ लागू किया था, तब से सौराष्ट्र क्षेत्र में हीरे की कटाई और पॉलिशिंग में लगे लगभग 1,00,000 कर्मचारी अपनी नौकरियां खो चुके हैं। पांच लाख झींगा किसानों की प्रत्यक्ष और 25 लाख किसानों की अप्रत्यक्ष आजीविका गंभीर खतरे में है। भारतीय राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है। एक मजबूत विदेश नीति के लिए ठोस और कुशलता की आवश्यकता होती है, लेकिन नरेंद्र मोदी ने ट्रंप का प्रचार किया, लपक-लपककर गले मिले, लेकिन देश को क्या मिला? आखिर ट्रंप ने भारत पर भारी-भरकम टैरिफ ठोक दिया। ये पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाकामी है। उनकी खराब विदेश नीति का खामियाजा आज पूरा देश भुगत रहा है। आप एक व्यापार समझौता करने में विफल रहे। अब आप हमारे देश की रक्षा करने में भी विफल हो रहे हैं। (Congress on US Tariffs)

Back to top button
error: Content is protected !!