Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की आयु में निधन, आपातकाल में दिखाया था साहस और संघर्ष का जज्बा

रायपुर की पहली महिला विधायक और जनसंघ की वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीमति रजनी ताई उपासने (Rajni Tai Upasane) (93 वर्ष) का दिनाँक 27 अगस्त 2025 को शाम लगभग 7 बजे स्वर्गवास हो गया। वे भाजपा नेता जगदीश उपासने, सचिदानंद उपासने, हेमंत उपासने एवं प्रांत के सह कुटुंब प्रबोधन प्रमुख गिरीश उपासने की माताजी थीं ।

यह भी पढ़े :- भारत में आज से ट्रंप का 50% टैरिफ लागू, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM मोदी को घेरा

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार उनकी (Rajni Tai Upasane) अंतिम यात्रा आज दिनांक 28 अगस्त 2025 को शाम 4:30 बजे निज निवास स्थान रायपुर से मारवाड़ी मुक्तिधाम रायपुर के लिए प्रस्थान करेगी।

गुरुचरण सिंह होरा ने दी श्रद्धांजलि

रजनी ताई (Rajni Tai Upasane) के निधन पर ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा –
“ताई हमारे लिए सिर्फ परिवार की बुजुर्ग नहीं थीं, बल्कि आदर्श और प्रेरणा का स्तंभ थीं। मुझे अपने बचपन के दिन आज भी याद हैं, जब ताई का निवास तात्यापारा में था। उस समय हम जगदीश भैया, सचिदानंद भैया, गिरीश भैया और हेमंत के साथ मिलकर ताई के सानिध्य में समय बिताया करते थे। ताई से हमने जीवन जीने के संस्कार और आदर्शों पर डटे रहने की सीख ली।

ताई ने पूरी उम्र अपने आदर्शों और सिद्धांतों के साथ जीया और आज उसी दृढ़ निष्ठा के साथ इस दुनिया से विदा ली हैं। उनके आदर्श, संघर्ष और सम्मान की परंपरा हमेशा हमारे साथ रहेगी।

रजनी ताई का संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। वे न केवल रायपुर की पहली महिला विधायक थीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और जनसेवा की जीती-जागती मिसाल थीं। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

राजनीतिक सफर

45 वर्ष पहले 1978 में रजनी ताई रायपुर शहर से विधानसभा चुनाव जीतीं और इतिहास रचते हुए रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं। उस समय उनकी उम्र 46 वर्ष थी। जनता पार्टी ने उन्हें टिकट दिया और उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज शारदा चरण तिवारी को शिकस्त दी थी। 1978 से 1980 तक विधायक रहते हुए वे प्रदेश की राजनीति में सक्रिय और मुखर रहीं।

रजनी ताई राजनीति में आने से पहले से ही जनसंघ की प्रमुख कार्यकर्ता थीं। उन्होंने कई आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राजनीति के उतार-चढ़ाव के बीच वे हमेशा जनसेवा और संगठन के कार्यों से जुड़ी रहीं। दुर्भाग्य यह रहा कि रजनी ताई के बाद आज तक रायपुर को कोई महिला विधायक नहीं मिल पाई।

आपातकाल के दौरान संघर्ष

1975 से 1977 के बीच लगे आपातकाल के समय रजनी ताई का घर संघ और जनसंघ के नेताओं के लिए केंद्र बन गया था। कुशाभाऊ ठाकरे, कमलाकर डोंगांवकर, शांताराम, केशव दवे जैसे कई नेता भूमिगत रहते हुए उनके तात्यापारा स्थित घर में रुकते और बैठकें करते थे।

इसी दौरान रायपुर कलेक्टर रविंद्र शर्मा ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा था कि – “आपकी गतिविधियां देश विरोधी हैं, इसलिए आपका घर सील किया जा सकता है, आपको जेल भेजा जा सकता है।” इस पर रजनी ताई ने निर्भीकता से जवाब दिया था – “मेरे तीनों बेटे आपातकाल के विरोध में जेल में हैं, आप मुझे भी जेल भेज सकते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।” उनका यह साहसिक उत्तर आज भी उनके परिजन और राजनीतिक सहयोगी याद करते हैं।

सम्मान और स्मृतियां

रजनी ताई की राजनीतिक और सामाजिक भूमिका को प्रदेश की राजनीति में आज भी याद किया जाता है। दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं फोन कर उनका हालचाल लिया था। उस दौरान उन्होंने रजनी ताई से पुराने दिनों की बातें साझा कीं और कहा कि “रजनी ताई से हमें खूब आशीर्वाद मिला।” प्रधानमंत्री ने परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत की थी।

अविभाजित मध्यप्रदेश की पहली महिला विधायक

जनसंघ और भाजपा के प्रमुख नेता आज भी अविभाजित मध्यप्रदेश की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को श्रद्धा से याद करते हैं। राजनीति का चक्रव्यूह ऐसा रहा कि उनके बाद रायपुर से कोई महिला विधायक अब तक नहीं बन पाई है।

रजनी ताई का जीवन संघर्ष, समर्पण और निडरता का प्रतीक माना जाता है। वे संगठन और जनहित के लिए हमेशा समर्पित रहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!