छत्तीसगढ़ में वोट चोरी को लेकर सियासत, कांग्रेस का वार, बीजेपी ने किया पलटवार
Chhattisgarh Congress Vs BJP: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बीजेपी पर लगातार वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं, जिसे लेकर छत्तीसगढ़ में भी सियासत गरमा गई है। दरअसल, कांग्रेस ने बीजेपी पर 2023 के विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पहली बार आधिकारिक रूप से सभी जिला, शहर और ब्लॉक इकाइयों को डुप्लीकेट मतदाता, फर्जी और अमान्य पते, एक ही पते पर कई मतदाता, अमान्य तस्वीरें और फॉर्म 6 के दुरुपयोग जैसे बिंदुओं की पड़ताल करने को कहा है। बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने सत्ता में वापसी की थी।
यह भी पढ़ें:- रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की आयु में निधन, आपातकाल में दिखाया था साहस और संघर्ष का जज्बा
इसे लेकर सियासी बयानबाजी जारी है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि बिहार की तर्ज पर पूरे देश में जिस तरह से वोट चोरी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में डुप्लीकेट मतदाता और फर्जी परिचय पत्र के दुरुपयोग को लेकर कांग्रेस गंभीर है। बैज ने कहा कि पार्टी ने मौखिक और लिखित रूप से संगठन स्तर पर निर्देश जारी किए हैं। शुरुआती शिकायतों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एक ही मतदाता का नाम दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज है। खासकर रायपुर शहर और उसके आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में इस तरह की शिकायतें ज्यादा मिल रही हैं। बैज ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग को अवगत कराया है और आने वाले दिनों में इस तरह के मामलों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। (Chhattisgarh Congress Vs BJP)
डिप्टी CM अरुण साव ने किया पलटवार
इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। साव ने कहा कि पेटी चोरी करने वाले पार्टी के नेता वोट चोरी होने की बात कर रहे हैं। यह कांग्रेस की मति भ्रम की स्थिति को स्पष्ट करता है। वोट चोरी का आरोप लगाना लोकतंत्र, संविधान और जनता के निर्णय का अपमान है। कांग्रेस के शासनकाल में बूथ कैप्चरिंग और वोट चोरी की घटनाएं होती थी। कांग्रेस अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है। इस पर बैज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सवालों का जवाब पीएम और गृहमंत्री को देना चाहिए, लेकिन छुटभैये नेता जवाब दे रहे हैं। बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसे बयान दे रही है। (Chhattisgarh Congress Vs BJP)
नेताम ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
वहीं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि 2023 से पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ही सरकार थी। कांग्रेस ने जीवित व्यक्तियों को मार दिया था। मेरे क्षेत्र के कई मतदाताओं को मृत बताया। नेताम ने कहा कि BJP नेताओं के नाम को विलोपित किया गया। कांग्रेस को रोहिंग्या लोगों पर ज्यादा विश्वास है। कांग्रेस पार्टी डबल स्टैंडर्ड की बात करती है। देश की जनता कांग्रेस को बहुत अच्छे से जानती है। कांग्रेस को अपनी गलती के लिए क्षमा मांगना चाहिए। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि कांग्रेस अभी तक अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रही है। पहले ईवीएम और अब मतदाता सूची में आ गए हैं। जनता ने कांग्रेस को किनारे कर दिया है। कांग्रेस निरीक्षण कराए, हमें कोई दिक्कत नहीं है। (Chhattisgarh Congress Vs BJP)



