होटल में डिनर, बाहर कार का हुआ डब्बा! चोरों ने उड़ाए चारों टायर
चोरों की करामात : चारों टायर उड़ाए, ईंटों पर टिकी मिली गाड़ी, पुलिस नाकाम

मुजफ्फरपुर। शहर के अहियापुर इलाके में बुधवार देर रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसे देखकर लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं। होटल में डिनर कर रहे चार इंजीनियरिंग छात्रों की कार से चोरों ने चारों टायर उड़ा दिए। बाहर निकले तो उनकी चमचमाती कार ईंटों पर टिकी थी और टायरों का कहीं नामोनिशान नहीं था।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ आई. टी. आई. कर्मचारी अधिकारी संघ ने तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से की मुलाकात, पढ़ें पूरी खबर
पांच दिन की ट्रिप का आखिरी दिन बना आफत
दानापुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र हर्ष और उसके तीन साथी सिलीगुड़ी से घूमकर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे वे बखरी के एक होटल में खाना खाने रुके और गाड़ी रोड किनारे खड़ी कर दी। खाना बनने और परोसने में दो घंटे लग गए। जब रात 1 बजे छात्र बाहर आए तो कार देखकर उनके होश उड़ गए—चारों टायर गायब और गाड़ी ईंटों पर खड़ी!
पुलिस आई, लेकिन हाथ खाली
हर्ष ने तुरंत 112 पर फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची, मगर चोर तब तक फरार हो चुके थे। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ खानापूर्ति की, गाड़ी ले जाने तक का उपाय नहीं बताया। मजबूरी में हर्ष को पटना से दोस्त बुलाना पड़ा और करीब 80 हजार रुपये खर्च कर नए टायर खरीदने पड़े।
‘प्रोफेशनल गैंग’ की करतूत!
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम किसी प्रोफेशनल गिरोह का है। टायर इतनी सफाई से निकालना और गाड़ी को ईंटों पर टिकाना आसान काम नहीं। एक दुकानदार ने तंज कसते हुए कहा—“होटल के बाहर इतनी चहल-पहल रहती है, फिर भी चोरों ने कमाल कर दिया। पुलिस आखिर कर क्या रही है?”
होटल के बाहर भीड़, फिर भी चोर बेखौफ
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के वक्त सड़क पर गाड़ियां भी आ-जा रही थीं और कुछ लोग गपशप कर रहे थे। इसके बावजूद चोरों ने ऐसी चालाकी दिखाई कि किसी को भनक तक नहीं लगी। अंदेशा है कि चोरों ने पहले से इलाके की रेकी कर रखी थी।
पुलिस के दावे, लोगों के सवाल
अहियापुर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच चल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इलाके में टायर चोरों का गैंग सक्रिय है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
छात्रों की खुशी पर चोरों का ब्रेक
हर्ष ने निराशा जताते हुए कहा—“हम पांच दिन की मस्ती के बाद लौट रहे थे, लेकिन अब बस खौफनाक याद लेकर जा रहे हैं।”
यह वारदात सिर्फ छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के लिए एक बड़ा सवाल छोड़ गई है—जब होटल जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर गाड़ियां सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी की सुरक्षा कहां है?



