Google Analytics —— Meta Pixel

शी जिनपिंग की मौजूदगी में चीन की सबसे बड़ी सैन्य परेड, ट्रंप ने लगाया अमेरिका के खिलाफ साजिश का आरोप

China Military Parade: दूसरे विश्व युद्ध में जापान की हार के 80 साल पूरे होने पर चीन ने राजधानी बीजिंग में अपनी अब तक की सबसे बड़ी विक्ट्री डे परेड का आयोजन किया। इस परेड ने न सिर्फ सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया, बल्कि वैश्विक राजनीति में भी हलचल मचा दी। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बीजिंग के थियानमेन चौक पर परेड की सलामी ली। साथ ही कहा कि चीन किसी की धमकियों से नहीं डरता और हमेशा आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इतिहास को याद रखें और जापान के खिलाफ लड़ने वाले सैनिकों को सम्मान दें। शी जिनपिंग ने कहा कि चीन शांतिपूर्ण विकास के मार्ग पर चलेगा। चीनी राष्ट्र का पुनरुत्थान अजेय है और मानवता का शांति, विकास का लक्ष्य अवश्य सफल होगा। मानवता फिर से शांति या युद्ध, संवाद या टकराव जैसे विकल्पों के सामने खड़ी है। चीन इतिहास और मानव प्रगति के सही पक्ष पर खड़ा रहेगा।

यह भी पढ़ें:- अमेरिका को भारत पर शून्य प्रतिशत टैरिफ लगाना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए: वरिष्ठ अमेरिकी विश्लेषक

उन्होंने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) को विश्वस्तरीय सेना बनाने और राष्ट्रीय संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने का निर्देश दिया। इस परेड में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन भी मौजूद रहे। यह पहला अवसर था जब यह तीनों नेता एक साथ सार्वजनिक मंच पर दिखाई दिए। बीजिंग के संदेश साफ थे कि चीन अब सिर्फ एशियाई शक्ति नहीं, बल्कि अमेरिका का विकल्प बनकर गैर-पश्चिमी देशों के नेतृत्व की स्थिति में खुद को प्रस्तुत कर रहा है। रूस और उत्तर कोरिया के अलावा, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, पाकिस्तानी आर्मी चीफ असीम मुनीर, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू भी मंच पर नजर आए। (China Military Parade)

इधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मौके पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर अमेरिका के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि शी जिनपिंग और चीन की अद्भुत जनता को इस जश्न के अवसर पर मेरी शुभकामनाएं। कृपया मेरी ओर से व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन को भी प्रणाम कहिए, जब आप सभी अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हों। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शी जिनपिंग यह बताएंगे कि चीन की आजादी और जापान पर विजय दिलाने में अमेरिका ने कितना योगदान दिया था। ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने चीन को स्वतंत्रता दिलाने के लिए भारी समर्थन और खून दिया। चीन की विजय और गौरव की तलाश में कई अमेरिकी मारे गए। मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी बहादुरी और बलिदान को सही मायने में सम्मानित और याद किया जाएगा। (China Military Parade)

परेड से PM नरेंद्र मोदी ने बनाई दूरी

रिपोर्ट्स के मुताबिक परेड में चीन ने कई अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया, जिनमें हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल्स, YJ-21 एंटी-शिप क्रूज़ मिसाइल, JL-3 पनडुब्बी से छोड़ी जाने वाली बैलिस्टिक मिसाइल, DF-5C न्यूक्लियर इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का एडवांस वर्जन 6F शामिल हैं। विशेष रूप से DF-5C मिसाइल को अमेरिका तक मार करने में सक्षम बताया गया। इसके अलावा चीन ने HQ-9C मिसाइल सिस्टम भी प्रदर्शित किया, जिसका एक संस्करण पाकिस्तान ने अपने रक्षा तंत्र में शामिल किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह भारतीय मिसाइलों को रोकने में असफल रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार विक्ट्री डे परेड की गेस्ट लिस्ट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम साफ तौर पर गायब था। PM मोदी दो दिन पहले ही चीन में थे, लेकिन वे परेड में शामिल नहीं हुए। जानकारों का मानना है कि परेड से दूर रहकर PM मोदी ने एक सख्त संदेश दिया है कि चीन के साथ सामान्य संबंध तब तक संभव नहीं जब तक वह सीमा पर आक्रामक रवैया अपनाए रखे और पाकिस्तान को रणनीतिक समर्थन देता रहे। (China Military Parade)

विशेषज्ञों के मुताबिक अगर PM मोदी इस परेड में शामिल होते तो इसे चीन की PLA यानी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के मौन समर्थन के रूप में देखा जाता। साथ ही जापान के साथ भारत के संबंधों पर भी नकारात्मक असर पड़ता, क्योंकि यह कार्यक्रम द्वितीय विश्व युद्ध में जापान की हार से जुड़ा था। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट के आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तान ने पिछले 5 साल में जितने हथियार खरीदे हैं, उनमें से 81% चीन से लिए गए हैं। पाकिस्तान ने इन्हीं में से कई हथियारों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया है। बीजिंग की इस परेड को केवल सैन्य शक्ति के प्रदर्शन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे चीन की वैश्विक महत्वाकांक्षाओं और भू-राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहां शी जिनपिंग ने खुद को एक वैश्विक नेता की तरह पेश किया। वहीं अमेरिका और भारत जैसे देशों के लिए यह परेड चीन के बढ़ते आत्मविश्वास और रणनीतिक गठबंधनों का संकेत बनी। (China Military Parade)

Back to top button
error: Content is protected !!