भरतपुर के स्कूल में बच्चों को परोसा गया कीड़ा लगा चावल, मध्यान भोजन की व्यवस्था पर उठे सवाल, शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश

Jhimdipara Primary School: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र भरतपुर में मिड डे मिल योजना में बड़ी लापरवाही सामने आई है। झिमडीपारा प्राथमिक शाला में बच्चों को कीड़ा लगे चावल खिलाने का मामला सामने आया है। स्कूल में कुल 25 बच्चे पढ़ते हैं और इन्हें मध्यान भोजन में घुन और कीड़ों से भरे चावल परोसे गए। मजबूरी में बच्चों ने कीड़ा निकालकर वही खाना खा लिया। मध्यान भोजन बनाने वाली सहायिका भवनिया यादव ने हैरान करने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चावल में कीड़ा लग गया है तो क्या करें ? वही बनाकर खिलाते हैं। चार-पांच बार धोकर इसी चावल को बच्चों को परोसते हैं। कई दिनों से यही चावल खिला रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, पत्नी के 10 साल से अलग रहने को माना मानसिक क्रूरता, पति की तलाक याचिका मंजूर
उनका कहना है कि चावल में कीड़े मिलने पर भी वे सफाई करके बच्चों को वही भोजन देने के लिए मजबूर हैं। स्कूल के प्रधान पाठक शिव कुमार सिंह ने भी इसे माना है। उन्होंने बताया कि उन्हें घटिया चावल मिल रहा है और बरसात के कारण चावल में इल्ली और कीड़े पड़ गए हैं। चावल पूरा खराब है, हमारे पास रखने के लिए कंटेनर भी नहीं है। रोज बीनकर अच्छा चावल अलग किया जाता है और उसी को पकाकर बच्चों को खिलाया जाता है। इस घटना ने एक बार फिर मध्यान भोजन योजना की पोल खोल दी है। कीड़ा लगे चावल बच्चों को खिलाना स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह का भोजन बच्चों में बीमारियां फैला सकता है। (Jhimdipara Primary School)
DEO ने दिए जांच के आदेश
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी रामप्रकाश मीरे ने कहा कि भरतपुर ब्लॉक के प्राथमिक शाला झिमडीपारा में मध्यान भोजन में कीड़ा लगा चावल परोसे जाने की जानकारी मिली है। एक टीम गठित कर जांच के लिए भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मध्यान भोजन योजना का मूल उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, लेकिन झिमडीपारा जैसे कई स्कूलों में इसकी हकीकत बहुत चिंताजनक है। घटिया और कीड़ा लगे चावल परोसना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिला प्रशासन किस तरह की सख्त कार्रवाई करता है और क्या बच्चों को वास्तव में सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिल पाता है। (Jhimdipara Primary School)



