Google Analytics —— Meta Pixel

शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में बच्चों ने मनाया शिक्षक दिवस, विश्व साक्षरता दिवस पर लिया पढ़ने-लिखने का संकल्प

Labhandi Primary School: राजधानी रायपुर के शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में सोमवार को शिक्षक दिवस और विश्व साक्षरता दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने शिक्षकों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा सम्मान स्वरूप उन्हें लेखनी और प्रशस्ति पत्र भेंट किए। कार्यक्रम की शुरुआत में महान दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बच्चों को उनके योगदान से अवगत कराते हुए निरंतर पढ़ाई-लिखाई के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी पढ़ें:- विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में यूनिसेफ इंडिया देगा तकनीकी सहयोग, यूनिसेफ के प्रतिनिधिमंडल ने CM साय से की मुलाकात

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण निषाद ने कहा कि “शिक्षक वह दीपक है, जो स्वयं जलकर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाता है। शिक्षक ही कच्ची मिट्टी को तराशकर समाज को सशक्त व्यक्तित्व प्रदान करता है।” उन्होंने बच्चों से हर परिस्थिति से शिक्षा ग्रहण कर जीवन में उसे अपनाने का संदेश दिया। शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू ने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यवहारिक एवं नैतिक शिक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि “आज के समय में बच्चों के विचारों को सुनना और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान देना ही शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। (Labhandi Primary School)

संस्था प्रमुख प्रधानपाठक रघुवीर निषाद ने बच्चों को शिक्षकों की आज्ञा मानने, नियमित स्कूल आने और पुस्तक वाचन की आदत विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने “पढ़ेंगे-लिखेंगे, आगे बढ़ेंगे” का संकल्प दिलाते हुए महापुरुषों की जीवनी पढ़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर शिक्षक पुरुषोत्तम बघेल, राकेश पुरी गोस्वामी, चंपेश कुमार गंजीर, प्रीति चंद्राकर, देवकुमारी साहू, लक्ष्मी साहू सहित सभी विद्यार्थी और पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक देवेंद्र कुमार ने किया। (Labhandi Primary School)

Back to top button
error: Content is protected !!