नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ जनरेशन-Z का हिंसक प्रदर्शन, अब तक 20 लोगों की मौत

Nepal Protest News: सोशल मीडिया पर बैन और सरकार के खिलाफ बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार को हजारों युवाओं ने संसद भवन का घेराव कर दिया। यह प्रदर्शन जनरेशन-Z यानी 18 से 30 साल की उम्र के युवाओं ने शुरू किया, जो अब तक का सबसे बड़ा नागरिक विरोध बन चुका है। सुबह से शुरू हुए इस आंदोलन के दौरान संसद भवन परिसर में जबरन घुसने की कोशिश के बाद हालात बेकाबू हो गए, जिसमें अब तक 20 प्रदर्शनकारियों की मौत और 500 से ज्यादा घायल होने की खबर है। इसके बाद कई इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है और तोड़फोड़ करने वालों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में सनसनीखेज हत्या : अवैध संबंध के शक में भाजपा नेता की कुल्हाड़ी से हत्या
दरअसल, 3 सितंबर को नेपाल सरकार ने फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया था। इसके खिलाफ 12 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारी संसद परिसर में घुस गए। गेट नंबर 1 और 2 पर कब्जा कर लिया गया। हालात बिगड़ते देख सेना ने फायरिंग की। यह नेपाल के इतिहास में पहली बार हुआ जब प्रदर्शनकारी संसद में घुस गए। नेपाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सभी सोशल मीडिया कंपनियों को देश में रजिस्ट्रेशन कराने का आदेश दिया था। कंपनियों को 7 दिन का समय मिला, लेकिन तय समय यानी 2 सितंबर तक 26 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया, जिसके चलते सरकार ने बैन लागू कर दिया। (Nepal Protest News)

सरकार का तर्क था कि ये प्लेटफॉर्म बिना नियंत्रण के फेक आईडी, हेट स्पीच और साइबर क्राइम को बढ़ावा दे रहे थे। लेकिन युवाओं का कहना है कि सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश कर रही है। रजिस्ट्रेशन के लिए नेपाल में लोकल ऑफिस खोलना, कंटेंट मॉडरेशन के लिए लोकल अधिकारी नियुक्त करना और सरकार को यूजर डेटा देना अनिवार्य कर दिया गया था। कंपनियों को ये शर्तें बहुत सख्त और खर्चीली लगी, खासकर नेपाल जैसे छोटे बाजार के लिए। इससे वे पीछे हट गईं। पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने सरकार से युवाओं की मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की। वहीं पूर्व वित्त सचिव रामेश्वर खनाल ने सरकार की मनमानी और भ्रष्टाचार को युवाओं के गुस्से का कारण बताया। (Nepal Protest News)


स्थिति के गंभीर होते देख प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने बलुवाटार स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपात बैठक की। पूरे काठमांडू में हाई अलर्ट जारी है और इंटरनेट सेवा आंशिक रूप से बहाल की गई है। युवाओं का कहना है कि उनका बोलना भी सरकार के लिए अपराध है। कई जगह पर प्रदर्शनकारियों ने सेना पर पथराव किया है। वहीं विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल में सोशल मीडिया फिर से शुरू कर दिया गया। इधर, नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान अपना इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। युवा अब मौजूदा सरकार को हटाकर अंतरिम सरकार के गठन की बात कर रहे हैं। अभी भी राजधानी के कुछ हिस्सों में स्थिति बेहद तनावपूर्ण है। (Nepal Protest News)





