Google Analytics —— Meta Pixel

उपराष्ट्रपति चुनाव में सीपी राधाकृष्णन की ऐतिहासिक जीत से NDA खुश, नेताओं ने दी अलग-अलग प्रतिक्रिया

Vice Presidential Election: NDA उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन की उपराष्ट्रपति चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि सी.पी. राधाकृष्णन की जीत बहुत बड़ी जीत है, ये सरकार और देश की जीत है। लोगों का विश्वास बढ़ा है क्योंकि सत्तापक्ष के लोगों ने वोट दिया ही लेकिन साथ में विपक्ष के भी वोट मिले हैं। यानी विपक्ष की भी पसंद सी.पी. राधाकृष्णन थे और उनके जीतने से एक संदेश गया है कि इससे सरकार और देश को भी मजबूती मिली है। सी.पी. राधाकृष्णन के रूप में 15वां उपराष्ट्रपति देश को मिला है। विपक्ष जरूर आत्मचिंतन करेगा कि उनके वोट हमें क्यों मिले हैं क्योंकि हमारे उम्मीदवार अच्छे थे, हमारी नीति अच्छी है, देश हमारे साथ है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मैं सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुने जाने पर बहुत बधाई देता हूं। उन्होंने बहुत अच्छे अंतर से चुनाव जीता है और देश को उनसे बहुत अपेक्षाएं हैं।

यह भी पढ़ें:- ट्रंप के सामने ऐसा सरेंडर 1.4 करोड़ भारतीयों का अपमान है: पूर्व CM अरविंद केजरीवाल

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने इस जीत को शानदार करार देते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति का पद संवैधानिक पद होता है और शानदार जीत हुई है NDA के उम्मीदवार की। हमें अत्याधिक वोट मिला है जो यह संदेश देता है कि विपक्ष ने जो चाल चली थी और उन्हें जो करारा हार मिला है इससे स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष सिर्फ लड़ाई झगड़े के लिए अपनी ताकत और बुद्धि लगाती है। मैं बिहारवासी की ओर से अपने नए उपराष्ट्रपति महोदय को बहुत बधाई देता हूं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं देश के नए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को ऐतिहासिक विजय के लिए बधाई देता हूं। इस विजय से देशभर में नया उत्साह आया है।INDI गठबंधन ध्वस्त हो गया और 60% से अधिक मत सी.पी. राधाकृष्णन को प्राप्त हुए।अब हम बिहार में जीतेंगे और 2027 में उत्तर प्रदेश में भी जीतेंगे।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी बधाई देते हुए कहा कि मैं उन्हें बधाई देता हूं यही होना था। यही बस्तर की आम जनता की आवाज थी, बस्तर की आम जनता की आवाज आज लोगों ने सुना है और सी.पी. राधाकृष्णन को देश का उपराष्ट्रपति चुना है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उनकी प्रचंड बहुमत से जीत हुई है।संविधान के आधार पर देश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। हमें पूरा विश्वास है कि देश उनके नेतृत्व में अग्रसर रहेगा, प्रगति के पथ पर रहेगा। JDU सांसद संजय कुमार झा ने भी अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कल का परिणाम निर्णायक जीत रही।जो सांसद NDA में नहीं हैं, उनका भी समर्थन (सी.पी. राधाकृष्णन को) मिला है। (Vice Presidential Election)

राधाकृष्णन की मां जानकी अम्मल की प्रतिक्रिया

तमिलनाडु के तिरुप्पुर से सी.पी. राधाकृष्णन की मां जानकी अम्मल ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब मेरा बेटा पैदा हुआ था, तब राष्ट्रपति राधाकृष्णन पद पर थे। वे शिक्षक थे, और मैं भी एक शिक्षिका थी। उनकी याद में मैंने अपने बेटे का नाम उनके नाम पर रखा। उस समय मेरे पति ने मुझसे पूछा, ‘क्या तुम ये नाम इसलिए रख रही हो कि तुम्हारा बेटा एक दिन राष्ट्रपति बने ?’ 62 साल बाद, जैसा मेरे पति ने कहा था, वह सच हुआ। मुझे बहुत खुशी है। VCK के संस्थापक अध्यक्ष थोल तिरुमावलवन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु से सी.पी. राधाकृष्णन भारत के उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। जब से उनकी उम्मीदवारी घोषित हुई थी, तभी से स्पष्ट था कि वे जीतेंगे। हालांकि INDI गठबंधन के सांसदों ने एकजुट होकर सुदर्शन रेड्डी को वोट दिया। कुल 752 वोटों में से उन्होंने 300 प्राप्त किए। यह चुनाव साबित करता है कि INDI गठबंधन मजबूत और एकजुट है। हम खुश हैं कि आरएसएस से जुड़े रहे राधाकृष्णन भारत के उपराष्ट्रपति बने हैं। हम उन्हें बधाई देते हैं। वे डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान करते हैं और हम आशा करते हैं कि वे अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की रक्षा करेंगे। उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत के उपराष्ट्रपति चुने जाने पर सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। इस बीच राधाकृष्णन ने कहा कि अगर हमें 2047 तक एक विकसित भारत बनाना है, तो हमें हर चीज़ में राजनीति नहीं करनी चाहिए। चुनाव खत्म होने के बाद, हमें राजनीति भूलकर विकास पर ध्यान देना होगा। इस नए पद पर मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों महत्वपूर्ण हैं। लोकतंत्र के हित का ध्यान रखा जाएगा। दूसरे पक्ष(विपक्ष) ने कहा कि यह वैचारिक लड़ाई है लेकिन मतदान पैटर्न से हम समझ गए हैं कि राष्ट्रवादी विचारधारा ने भारी जीत हासिल की है। राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि इस बार कांग्रेस ने अंतरआत्मा की आवाज़ सुनने का आह्वान किया था लेकिन वह उनके ख़िलाफ़ चला गया, कई सांसदों की आत्मा जाग गई और उन्होंने हमारे NDA उम्मीदवार को वोट देकर हमें भारी मतों से जिताया। मैं उन लोगों का भी धन्यवाद करता हूं जिनकी आत्मा जागी। सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली पर अपनी मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी बधाई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सी.पी. राधाकृष्णन का जीवन जन कल्याण के लिए समर्पित रहा है। विपक्ष के भी कई नेताओं के वोट हमारे उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को मिले हैं। मैं सी.पी. राधाकृष्णन को निर्वाचित होने की बधाई देता हूं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह अद्भुत और अकल्पनीय जीत है। जिस बड़े अंतर से उन्होंने जीत हासिल की है, उससे साबित होता है कि देश को प्रधानमंत्री मोदी और NDA पर भरोसा है। सी.पी. राधाकृष्णन को बधाई। वे एक परिश्रमी, तपस्वी, कल्पनाशील समाजसेवी और उदार सोच वाले व्यक्ति हैं। हम सौभाग्यशाली होंगे कि हमें उनके संरक्षण में काम करने का अवसर मिलेगा क्योंकि वे राज्यसभा का संचालन करेंगे। उन्हें बहुत-बहुत बधाई। लोगों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज़ पर वोट दिया है, इसलिए उन्हें प्रचंड बहुमत से जीत मिली है। देश, सदन और सांसदों को उन पर भरोसा है। मुझे विश्वास है कि उनका असाधारण व्यक्तित्व राज्यसभा की कार्यवाही में नए मानदंड स्थापित करेगा। सांसदों ने सिद्ध कर दिया कि ये नकारात्मक राजनीति देश में नहीं चलेगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी दी बधाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं अपनी ओर से सी.पी. राधाकृष्णन को इस नई ज़िम्मेदारी के लिए बधाई देती हूं। देश को आगे ले जाने में उनकी अहम भूमिका होगी, हम सभी को उनका मार्गदर्शन मिलेगा। ये लोकतंत्र की जीत है, हम सब आनंदित हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन अब देश के उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं, प्रधानमंत्री और NDA के सभी दलों को भी धन्यवाद देता हूं। मुझे विश्वास है कि सी.पी. राधाकृष्णन देश के उपराष्ट्रपति के रूप में इस पद की गरिमा बढ़ाएंगे। मुझे खुशी है कि जब उनके चुनाव की घोषणा हुई, तो उनका पता महाराष्ट्र दिया गया। मुझे खुशी है कि सी.पी. राधाकृष्णन जो महाराष्ट्र के निवासी हैं, देश के उपराष्ट्रपति बने हैं। विपक्ष बड़बोलापन कर रहा था। लेकिन हुआ उल्टा और विपक्षी दल अपने वोट नहीं बचा पाए; उनके वोटों की एक बड़ी संख्या सी.पी. राधाकृष्णन को चली गई।

विपक्ष भी सबका साथ, सबका विकास नारे पर विश्वास करता है: रवि किशन

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सी.पी. राधाकृष्णन को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि उनका दीर्घकालिक अनुभव और समर्पण देश और राष्ट्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। मुझे विश्वास है कि उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन और उत्कृष्ट नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छुएगा। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि विपक्ष भी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के नारे पर विश्वास करता है और उन्होंने साबित कर दिया कि विपक्ष भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके नए भारत की राजनीति का सम्मान करता है। आज जो परिणाम आया वह ऐतिहासिक है। झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने ने कहा कि हमारी तरफ से सी.पी. राधाकृष्णन को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। उनका झारखंड से नाता रहा है, वे यहां के राज्यपाल रहे हैं, हमारा उनसे जुड़ाव रहा है, ऐसा लगता है जैसे वे हमारे ही बीच के हों।

विरोधी उम्मीदवार को 300 वोट मिले

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं और यह महाराष्ट्र के सभी लोगों के लिए गर्व की बात भी है। सी.पी. राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे हैं, हमें उनका मार्गदर्शन मिला है, वे महाराष्ट्र के राज्यपाल रहते हुए उपराष्ट्रपति के पद तक पहुंचे, यह महाराष्ट्र के सभी लोगों के लिए गर्व की बात है, सभी को खुशी है कि एक अच्छे व्यक्ति जिनके पास लंबा अनुभव है, उन्हें चुना गया है। ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने ने कहा कि मैं सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई देता हूं। मैं NDA के सभी नेताओं को बधाई देता हूं कि उन्होंने सी.पी. राधाकृष्णन को 452 वोट देकर जिताया, जबकि विरोधी उम्मीदवार को 300 वोट मिले। मैं नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को विशेष रूप से बधाई देता हूं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ने कहा कि उपराष्ट्रपति का चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होता है, मतदान गोपनीयता के साथ होता है और कई विपक्षी सांसदों ने भी सी.पी. राधाकृष्णन को वोट दिया है, इससे पता चलता है कि सांसदों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट दिया है। 

विपक्ष के सांसदों ने भी इन्हें समर्थन दिया: पीयूष गोयल

उन्होंने कहा कि मैं NDA के सभी सांसदों और सी.पी. राधाकृष्णन को वोट देने वाले विपक्षी सांसदों का धन्यवाद करता हूं। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि INDIA ब्लॉक पार्टियां राहुल गांधी के व्यवहार, उनकी राजनीति और उनके फ़ैसलों से नाराज़ हैं। उन्हें सबक सिखाने के लिए उन्होंने क्रॉस वोटिंग की है। ऐसा नहीं है कि उन्हें हमारे उम्मीदवार से कोई ख़ास लगाव है। अगर उन्होंने हमारे उम्मीदवार को वोट नहीं दिया होता, तब भी हम जीत जाते। वे राहुल गांधी को एक संदेश देना चाहते थे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सभी सांसदों ने फिर एक बार दर्शाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस देश को विश्व में पहचान मिली है। उसको देखते हुए वे चाहते थे कि एक अच्छा व्यक्ति देश का राष्ट्रपति बने। इनके सामने कोई चुनौती नहीं थी। विपक्ष के सांसदों ने भी इन्हें समर्थन दिया। ये दर्शाता है कि देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है। LJP (रामविलास) सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि हम सी.पी. राधाकृष्णन को बधाई देते हैं। उनको एक बड़े अंतर से जीत मिली है। NDA के लोगों ने पूरा मतदान दिया और विपक्ष के भी कई साथियों ने NDA के प्रत्याशी के पक्ष में वोट दिया है।

नक्सलवादियों के समर्थकों के खिलाफ देशभक्तों की जीत: त्रिवेदी 

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि शानदार सफलता मिली है, NDA के सभी सहयोगियों ने अभूतपूर्व समर्थन दिया और उसी के कारण हमें उम्मीद से बेहतर सफलता मिली। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है, यह जीत ऐतिहासिक है, यह नक्सलवादियों के समर्थकों के खिलाफ देशभक्तों की जीत है। इसे कहते हैं अंतरात्मा की आवाज। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि यह एक अभूतपूर्व जीत है। सी.पी. राधाकृष्णन को NDA के कुल संख्याबल से भी ज़्यादा वोट मिले हैं। इससे साबित होता है कि लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें वोट दिया है। भाजपा सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि सी.पी. राधाकृष्णन ऐतिहासिक बहुमत के साथ देश के उपराष्ट्रपति बने हैं। विपक्ष झूठ और छल की राजनीति करता है लेकिन उन्हें अपनी समीक्षा करनी चाहिए, उन्हें जितने वोट मिलने चाहिए थे, उतने भी नहीं मिले।

15वें उपराष्ट्रपति चुने गए हैं सी.पी. राधाकृष्णन 

भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि यह खुशी और उल्लास का क्षण है, सी.पी. राधाकृष्णन हमारे देश के 15वें उपराष्ट्रपति बने हैं, हर कोई खुश है। वे बहुत बड़े बहुमत से जीते हैं, उन्हें (विपक्ष को) भी उपराष्ट्रपति को बधाई देनी चाहिए। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झारखंड के लोगों का सौभाग्य है कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रहीं और फिर हमारा सौभाग्य है कि हमारे राज्यपाल रह चुके सी.पी. राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति बने, यह बहुत बड़ी जीत है। विपक्ष हर बात पर सवाल उठाना चाहता है, उनके पास कुछ नहीं है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जब कोई व्यक्ति योग्य होता है, तो पार्टी का बंधन भी टूट जाता है। सी.पी. राधाकृष्णन NDA की संख्या से अधिक वोट पाकर उपराष्ट्रपति बने हैं। बता दें कि सी.पी. राधाकृष्णन भारत के 15वें उपराष्ट्रपति चुने गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!