Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के इस जिले में डायरिया का कहर, तीन दिन में दो बैगा आदिवासियों की मौत, 16 से ज्यादा बीमार

Diarrhea in Gaurela: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड के आदिवासी बहुल क्षेत्र में एक बार फिर डायरिया का कहर देखने को मिल रहा है। जिले के साल्हेघोरी ग्राम पंचायत के आश्रित गांव बंदरपानी में डायरिया से तीन दिनों में दो बैगा आदिवासियों की मौत हो गई है। जबकि 16 से ज्यादा लोग बीमार है, जिन्हें गौरेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों में एक 40 साल के पिता और उसकी करीब 20 साल की बेटी शामिल है। दोनों को लगातार उल्टी-दस्त की शिकायत थी। पहले पिता की मौत हुई और कुछ ही देर बाद बेटी की भी जान चली गई।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में 10 घंटे का वाटर शटडाउन, 13 सितम्बर की सुबह नहीं मिलेगा नल जल

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक दोनों की मौत का कारण डायरिया ही है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग अब तक इन मौतों को डायरिया से हुई मौत मानने से इनकार कर रहा है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह मामला इसलिए भी चिंताजनक है, क्योंकि महज एक महीने पहले भी साल्हेघोरी पंचायत के छिंदपानी आश्रित गांव में डायरिया का प्रकोप फैला था, जिसमें एक बैगा आदिवासी की मौत हुई थी और कई लोग बीमार पड़े थे। उस वक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाकर इलाज किया था, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई थी। अब एक ही पंचायत में एक महीने के भीतर दूसरी बार डायरिया का मामला सामने आना साफ इशारा करता है कि विभाग ने पहले मामले से कोई सबक नहीं लिया। (Diarrhea in Gaurela)

छात्रावासों और आश्रम शालाओं में भी बीमारी की दस्तक

डायरिया का प्रकोप सिर्फ ग्रामीणों तक सीमित नहीं है। गांव के छात्रावासों और आश्रम शालाओं में रह रहे छात्र भी इसकी चपेट में आ गए हैं। इन छात्रों को भी गौरेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि गांव की जल आपूर्ति, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाएं बहुत बदहाल स्थिति में हैं। स्थानीय और मृतकों के परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग पूरी घटना को दबाने की कोशिश कर रहा है। अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि मौतें डायरिया से हुई हैं, जबकि लक्षण और स्थिति स्पष्ट रूप से इसी ओर इशारा कर रहे हैं। (Diarrhea in Gaurela)

बता दें कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रभार में आता है। ऐसे में एक ही पंचायत में बार-बार डायरिया फैलना और मौतें होना, शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। अगर पहले मामले के बाद सतत निगरानी, स्वास्थ्य शिविर और दवाओं का वितरण नियमित होता तो शायद यह स्थिति टाली जा सकती थी। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में पारदर्शिता बरते और पीड़ितों को उचित इलाज मुहैया कराए। साथ ही स्थायी समाधान के लिए गांव में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, नियमित स्वास्थ्य जांच और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य मंत्री और जिला प्रशासन इस बार कितनी तत्परता दिखाता है। (Diarrhea in Gaurela)

Back to top button
error: Content is protected !!