कांग्रेस के AI वीडियो पर BJP नेताओं का फूटा गुस्सा, कहा- यह राजनीति नहीं, अपराध है

BJP on Congress AI Video: बिहार कांग्रेस के पोस्ट किए गए प्रधानमंत्री मोदी के आपत्तिजनक AI-जनरेटेड वीडियो को लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी का AI वीडियो बनाया, जो बहुत गलत है। इसके लिए सामाजिक और कानूनी रूप से सजा मिलनी चाहिए, जो लोग इस तरह का काम कर रहे हैं वे फ्रॉड और चरित्रहीन हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब इतना नीचे गिर गए हैं। जैसे उनकी नकली मां है, अपनी मां की इज्जत का ख्याल नहीं है। वह दूसरे की मां को कहां से सम्मान देंगे। राहुल गांधी अब यह साबित करना चाहते हैं कि हम फ्रॉड हैं, हम दुराचारी हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है, और आने वाले दिनों में खुद इसका परिणाम भुगतना होगा। AI वीडियो बनाकर बहुत गलत किया गया है।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी के मणिपुर दौरे पर सियासत तेज, विपक्ष के नेताओं ने साधा निशाना, सत्ता पक्ष ने किया पलटवार
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि AI में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपने माध्यम उसे प्रचारित कर PM मोदी और उनकी माता को फिर से अपमानित करने का काम किया है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने कसम खा लिया है कि हम नहीं सुधेरेंगे। देश की जनता ने इन्हें सुधार दिया है बिहार की जनता ने भी इन्हें सुधार दिया लेकिन तभी ये सुधर नहीं रहे हैं। बिहार की जनता 2025 में इनका सूपड़ा साफ करने का काम करेगी। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी मां के संबंध में कांग्रेस जो कुछ भी कर रही है वह निंदनीय है और बिहार के लोग कांग्रेस को सबक सिखाएंगे। देश के लोग भी बहुत गुस्से में हैं, जो कोई भी मां को बदनाम करने की कोशिश करेगा, वह हमारे देश में कभी सफल नहीं होगा। (BJP on Congress AI Video)
राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए: डिप्टी CM प्रेमचंद
राजस्थान के डिप्टी CM प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि मैं ऐसी ओछी मानसिकता की कड़ी निंदा करता हूं। कांग्रेस की ऐसी मानसिकता हमने पहले भी देखी है। बिहार में पहले भी इनके द्वारा प्रधानमंत्री की मां के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। जनता इनको देख रही है। छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी का अपमान किया है और राहुल गांधी को इस पर माफी मांगनी चाहिए। यह करना बहुत शर्मनाक है। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार कांग्रेस बिहार की संस्कृति और संस्कार से दूर जा चुका है। ये अराजकता का प्रतीक है।इस तरह की मानसिकता भारतीय संस्कृति और संस्कार में कभी स्वीकार नहीं होगा। इसका जवाब जनता देगी और उन्हें सबक सिखाएगी।
कांग्रेस की लोकप्रियता खत्म हो चुकी है: डिप्टी CM सम्राट
बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का परिचय ही अपमानित करने वालों से है। उन्होंने पहले सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्द कहे और अब वे जिस तरह की सीख दे रहे हैं उसे पहले वे अपने जीवन में लाते तो अच्छा होता। संस्कार अपने घर से शुरू होता है, यह बताना चाहिए। राजस्थान की डिप्टी CM दीया कुमारी ने पर कहा कि यह बहुत ही गलत है, जिस तरह से AI वीडियो बनाया गया है और प्रधानमंत्री मोदी की मां को दिखाया गया है, यह बहुत ही गलत है। कांग्रेस इतनी ओछी राजनीति करने लगी है। कांग्रेस की लोकप्रियता खत्म हो चुकी है, जनता उनको समझ चुकी है और वो उनको वोट नहीं देने वाली है।मैं इसकी घोर निंदा करती हूं। बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि यह निंदनीय है। वे बहुत नीचे गिर रहे हैं। देश के लोग कांग्रेस पार्टी को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्हें इसके पीछे के कारणों पर गौर करना चाहिए।
राजनीतिक प्रक्रिया और लोकतंत्र दोनों के लिए अपमानजनक: हरिचंदन
मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि इससे ज्यादा शर्मनाक और आपत्तिजनक कुछ नहीं हो सकता है। कांग्रेस हर समय स्तरहीन राजनीति करती है।इस तरह का वीडियो बनकर कांग्रेस ने अपने स्तरहीनता को दर्शाया है।इस देश की जनता इसका जवाब जरूर देगी। यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत दुख हुआ कि ये कांग्रेसी राहुल गांधी को कहां ले जाना चाहते हैं। यह भाजपा की नहीं है, यह कांग्रेस सदस्यों की राजनीति है। इसलिए कांग्रेसी राहुल गांधी और गांधी परिवार को गड्ढे में गिराने के लिए बार-बार पीएम मोदी की मां का उपयोग कर रहे हैं इससे कांग्रेस को बिहार में ही नहीं बल्कि पूरे देश में बड़ी हानि होगी। ओडिशा के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि ये चीजें स्वीकार्य नहीं हैं। ये राजनीतिक प्रक्रिया और लोकतंत्र दोनों के लिए अपमानजनक हैं। उन्होंने जो कुछ भी किया है वह शर्मनाक है। देश इस तरह की हरकतों के लिए माफ नहीं करेगा। उन्हें बहुत जल्द इसका नतीजा भुगतना पड़ेगा।
बिहार में कांग्रेस अपनी जमीन खो चुकी है: आशीष सूद
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि कांग्रेस ने बिहार में जिस प्रकार से यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री की मां के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी की थी, मैं बिहार कांग्रेस के पोस्ट को उसी घटना के विस्तार की तरह देखता हूं। बिहार में कांग्रेस अपनी जमीन खो चुकी है और हर दिन कुछ न कुछ ओछी हरकत करके वे खबरों में बने रहना चाहते हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है और जो कमी रह जाएगी, वो जनता बटन दबाकर पूरी कर देगी। उत्तर प्रदेश मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा कि मैं इस पोस्ट की निंदा करता हूं इस तरह की हरकत करके राजनीति में किसी भी प्रकार की सफलता नहीं मिल सकती है। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री और भाजपा को पत्र लिखूंगा कि जब तक अमेरिका का प्लेटफॉर्म रहेगा-इंटाग्राम, व्हाट्सएप, फेसबुक तब तक ऐसे ही लोगों को फर्जी संदेश जाएंगे। ये चिंता का विषय है इस पर चिंतन करना चाहिए।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने किया पलटवार
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि हार की संभावनाओं को देखते हुए कांग्रेस अपना आपा खो चुकी है। अनुशासनहीनता करना, संवैधानिक संस्थाओं को ठेंगा दिखाना राहुल गांधी का उपक्रम बन चुका है। संविधान की उलाहना करना, कांग्रेस के दिन प्रतिदिन के कार्यों में सम्मिलित हो चुका है और इस प्रकार का प्रधानमंत्री को लेकर उपहासपूर्ण वीडियो उनकी हार की हताशा को दिखाता है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इसी से पता चलता है कि कांग्रेस की सोच और मानसिकता कितनी विकृत हो गई है। राजनीति में वे इतने निचले स्तर पर गिर जाएंगे, इसकी कल्पना भी नहीं की गई थी। प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माताजी को लेकर AI से वीडियो बनाना क्या उनकी राजनीति के लिए उचित है? कांग्रेस के नेताओं और राहुल गांधी को अपनी स्वयं की माताओं को ध्यान में रखकर यह सवाल खुद से पूछना चाहिए। तब शायद उन्हें समझ आएगा। यह लोकतंत्र का अपमान है। भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह बहुत शर्मिंदगी की बात है। क्या कांग्रेस पार्टी का यही स्तर है? वे प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माताजी का मीम बनाते हैं। मैं राहुल गांधी से इसका जवाब मांगता हूं।
कांग्रेस ‘माफिया हाउस’ बन चुकी है: नकवी
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी का सवाल है, जो अपने आप को ग्रैंड रोल पार्टी बताते हैं, उनके विचार एक्सपायर हो चुके हैं। कांग्रेस आज की तारीख में ‘काफिया हाउस’ की जगह ‘माफिया हाउस’ बन चुकी है। कितनी माफी वे मांगेंगे? हर दिन उनके बयान उन्हें परेशानी में डाल रहे हैं। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी का अपमान किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पूरे भारतीय समाज की संवेदना और मातृ शक्ति का अपमान है। चुनावी राजनीति में सहमति और असहमति स्वीकार है लेकिन दिवंगत माताजी का अपमान करना कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है। कांग्रेस के पास मुद्दों पर बहस करने के लिए कोई तर्क नहीं बचा है। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्टी, जो कभी भारत की सबसे बड़ी पार्टी हुआ करती थी, एक ऐसी पार्टी है जो भारत के लोगों को भ्रमित करने के लिए या तो झूठ बोलने या नकली वीडियो बनाने तक सीमित हो गई है।
कांग्रेस ने बेशर्मी की सभी हदें पार कर दी: ठाकुर
कर्नाटक के भाजपा एमएलसी सीटी रवि ने कहा कि कांग्रेस का खानदान चोरों का है। ऐसे लोग हमेशा दूसरों पर आरोप लगाते हैं। ‘वोट चोरी’ किसने की? कांग्रेस ने किया। वे उपराष्ट्रपति चुनाव भी हार गए जो बैलेट पेपर पर हुआ था। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजद और कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता को गाली भी देते हैं और AI वीडियो निकालकर अपमानित भी करते हैं। बिहार की जनता इससे पूरी तरह आहत है और इसका जवाब आने वाले चुनाव में देगी। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने बेशर्मी की सभी हदें पार कर दी हैं। देश के प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माताजी को बिहार की राजनीति में घसीटना, दिखाता है कि कांग्रेस मुद्दाविहीन है। अब ये महात्मा गांधी वाली कांग्रेस नहीं रही बल्कि ‘गाली’ वाली कांग्रेस बन चुकी है। अफसोस की बात है कि वे अपनी गलती भी जाहिर नहीं कर रहे हैं। बिहार की जनता उन्हें इसका करारा जवाब देगी।
हमारे विपक्ष ने राजनीति को इतने निचले स्तर पर ला दिया: नड्डा
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि हमारे विपक्ष ने राजनीति को इतने निचले स्तर पर ला दिया है, जिस तरह से प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया गया और आज तक किसी को इसका पछतावा नहीं हुआ यह उनके चरित्र के बारे में बताता है। कांग्रेस की ओर से जारी किया गया वीडियो इस बात का प्रमाण है कि यही आपकी सोच है। नड्डा ने कहा कि जो बिहार देश को दिशा देने वाला बिहार था, राजनीति में अपनी बात प्रखरता के साथ रखने वाला बिहार था, वह आज कुछ लोगों के स्वार्थी प्रयासों और गलत नेतृत्व के कारण अंधकार में धकेल दिया गया है। जंगलराज के बारे में हम सभी जानते हैं, लेकिन जब भी हम इसकी चर्चा करते हैं, तो लोग हमें कहते हैं इसे भूल जाओ। शायद लोग भूल जाएं, लेकिन हमारे लिए वह भूलने वाला नहीं है। जंगलराज, तुष्टिकरण और जातिवाद, इन सबने बिहार को ग्रसित कर रखा है।



