बलरामपुर SDOP याकूब मेमन पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, पुलिस जांच शुरू
बलरामपुर। जिले में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (SDOP) याकूब मेमन पर एक महिला ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने यह शिकायत सीधे सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) को दी थी। प्रारंभिक शिकायत के आधार पर अंबिकापुर महिला थाना में जीरो पर मामला दर्ज किया गया और फिर केस डायरी रायपुर पुलिस को जांच के लिए सौंप दी गई। अब टिकरापारा थाने में FIR दर्ज हो चुकी है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में जहरीली शराब पीने से 2 युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मामला कैसे शुरू हुआ?
सूत्रों के मुताबिक, याकूब मेमन और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पीड़िता रायपुर के टिकरापारा में याकूब मेमन के मकान में किराए से रहती थी। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। याकूब मेमन के बलरामपुर ट्रांसफर के बाद भी पीड़िता का वहां आना-जाना जारी रहा।
SDOP पर महिला के आरोप
पीड़िता का कहना है कि रायपुर में तैनाती के दौरान याकूब मेमन ने उसका दुष्कर्म किया और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने रायपुर और बलरामपुर पुलिस में शिकायत की, तो FIR दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने सरगुजा IG को शिकायत दी, जिसके बाद मामला दर्ज हुआ।
SDOP का जवाबी आरोप
वहीं, याकूब मेमन ने भी महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने 12 सितंबर को सरगुजा IG को शिकायत देकर कहा कि महिला ने पहले आर्थिक मदद मांगी, फिर जानबूझकर नजदीकियां बढ़ाईं।
- आरोप है कि महिला ने वीडियो कॉल के दौरान अर्धनग्न स्क्रीनशॉट और निजी वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया।
- याकूब मेमन का दावा है कि महिला ने उनसे लगभग डेढ़ लाख रुपये वसूले और मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाया।
- इनकार करने पर महिला ने उनकी पत्नी को वीडियो भेजने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई
सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अंबिकापुर महिला थाने में जीरो पर FIR दर्ज की गई थी। केस रायपुर पुलिस को सौंप दिया गया है और अब जांच वहीं होगी। चूंकि मामला एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से जुड़ा है, इसलिए इसकी जांच उच्च स्तर पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के विस्तृत बयान और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
याकूब मेमन का करियर
- 50 वर्षीय याकूब मेमन ने 1998 में SI के रूप में पुलिस सेवा जॉइन की थी।
- बाद में TI और फिर SDOP के पद पर पदोन्नति मिली।
- वर्तमान में बलरामपुर में SDOP के रूप में पदस्थ हैं और पिछले दो साल से वहीं कार्यरत हैं।
- वे मूल रूप से भिलाई के रहने वाले हैं और रायपुर के टिकरापारा में भी TI रह चुके हैं।
- आरोप सामने आने के बाद पिछले तीन-चार दिनों से वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हैं।



