छत्तीसगढ़ में जहरीली शराब पीने से 2 युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
सक्ती (छत्तीसगढ़)। जिले के करही गांव में जहरीली शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई। सोमवार दोपहर मनोज कश्यप और सूरज यादव शराब सेवन के बाद अचानक बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सारंगढ़ अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े :- सक्ती जिले में शराब पीने के बाद दो युवकों की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि बाजार में मिल रही शराब में जहर मिलाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सारंगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर केस डायरी बिर्रा थाने को सौंप दी है। थाना प्रभारी कामिल हक ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा, हालांकि प्रारंभिक जांच में शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की पुष्टि हुई है।
पिछले एक साल में कई घटनाएं
- बिलासपुर (फरवरी 2024): जहरीली महुआ शराब से सरपंच के भाई समेत 7 लोगों की मौत।
- जांजगीर-चांपा (जनवरी 2024): बलौदा में शराब पीने से 2 दोस्तों की मौत।
- कोरबा (2024): करतला क्षेत्र के कोटमेर गांव में शराब पीने से 3 लोगों की जान गई।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रदेश में अवैध शराब माफियाओं की सक्रियता और प्रशासन की नाकामी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



