सक्ती जिले में शराब पीने के बाद दो युवकों की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

Suspicious Death in Sakti: सक्ती जिले के करही गांव में शराब पीने के बाद दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दरअसल, युवकों को गंभीर हालत में सारंगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे शराब नहीं, बल्कि जहर बताया है और शासन-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक करही गांव के दो युवक शराब पीने के इरादे से घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने दोनों युवकों को बेहोशी की हालत में देखा और तत्काल उन्हें सारंगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में न्यूड और स्ट्रेंजर्स पार्टी को लेकर बड़ा खुलासा, SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने दी जानकारी
दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सारंगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला शराब सेवन का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। लोगों ने कहा कि यह शराब नहीं, बल्कि जहर थी, जो खुलेआम बेची जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर गांव से शराब की बिक्री को तत्काल बंद नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। (Suspicious Death in Sakti)

घरेलू अवैध शराब के सेवन से हुई मौत: आबकारी मंत्री
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी गांव में कई लोग अवैध शराब के कारण बीमार पड़े हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों युवकों ने घर में बनी अवैध शराब का सेवन किया था, जिससे उनकी मृत्यु हुई है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री देवांगन ने कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर अवैध शराब कारोबार को बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। (Suspicious Death in Sakti)
नशे में धुत मिला आरक्षक
इधर, सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। गांव में अवैध शराब की बिक्री की सूचना को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित ठिकानों पर दबिश देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी में पदस्थ एक आरक्षक हृदय लाल पाटले का शराब के नशे में धुत होकर सड़क किनारे कुर्सी पर सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यह पहला मामला नहीं है, जब आरक्षक पाटले पर शराब पीने के आरोप लगे हों। इससे पहले भी उन पर इसी तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं और विभागीय कार्रवाई भी की जा चुकी है। ग्रामीणों ने इस बार सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे पुलिसकर्मियों की वजह से विभाग की साख पर आंच न आए। (Suspicious Death in Sakti)



