सुपारी किलिंग में गलत पहचान, निर्दोष पर लोहे की पाइप से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत

Murder in Mungeli: मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र के दाबो गांव में एक खौफनाक वारदात ने सभी को हिला दिया। पुरानी रंजिश में दी गई सुपारी के चलते आरोपियों ने गलत पहचान में निर्दोष युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। दरअसल, धान खरीदी केंद्र तरुवरपुर के प्रभारी नेतराम साहू से ग्रामीणों की नाराजगी थी। नेतराम पर अनियमितताओं की शिकायत तुलसी साहू और उसका बेटा नरेंद्र उर्फ पप्पू साहू ने थाने में की थी। इसी से बौखलाए नेतराम ने पप्पू को रास्ते से हटाने का मन बना लिया और हत्या की सुपारी अपने साले सुनील साहू को सौंप दी। सुपारी के एवज में 50 हजार रुपये देने का वादा भी किया।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट में सिविल जज भर्ती 2023-24 को दी गई चुनौती, कोर्ट ने दिया अहम फैसला
नेतराम ने अपने साले को व्हाट्सऐप पर पप्पू साहू की तस्वीर भेजी और कहा कि यही है जिसे खत्म करना है। सुनील साहू तीन दिन तक नेतराम के घर रुका और हत्या की रणनीति बनाई। 10 सितंबर को उसने अपने दो दोस्तों को बिलासपुर से बुलाया और नेतराम के भांजे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने निकला। नेतराम ने जानकारी दी थी कि पप्पू साहू अपने दोस्त के साथ शराब पी रहा है। सुनील और उसके साथी मौके पर पहुंचे तो वहां हेमप्रसाद साहू और हेमचंद्र साहू शराब पी रहे थे। आरोपियों ने पूछा-पप्पू कौन है ? दोनों ने साफ किया कि वे पप्पू नहीं हैं। इस पर सुनील ने अपने जीजा नेतराम को फोन कर पुष्टि की। उधर से नेतराम ने कहा कि वहीं पप्पू साहू है, काम खत्म करो। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की पाइप से हमला कर हेमप्रसाद साहू की हत्या कर दी। (Murder in Mungeli)
गलत पहचान में गई जान
जिसकी हत्या की गई, वह हेमप्रसाद साहू था, जबकि सुपारी वास्तव में नरेंद्र उर्फ पप्पू साहू की दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी मृतक की बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गए। हेमप्रसाद के साथी हेमचंद्र ने किसी तरह जान बचाकर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच की गई और आखिर में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गांव में दहशत का माहौल है, जिस पप्पू साहू की हत्या की साजिश रची गई थी, वह जीवित है, लेकिन निर्दोष हेमप्रसाद इस खूनी खेल का शिकार हो गया।

पुलिस ने कहा कि नेतराम के कहने पर, सुनील ने अपने दोस्तों, शुभम पाल, गौकरण साहू और एक किशोर के साथ मिलकर हेमप्रसाद साहू की हत्या कर दी। आरोपियों ने हेमप्रसाद को नरेंद्र साहू समझकर मारा। हमले के दौरान शुभम ने हेमचंद साहू पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। आरोपी हेमप्रसाद का मोबाइल और हेमचंद की मोटर साइकिल लेकर फरार हो गए। (Murder in Mungeli)
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
- नेतराम साहू (43), साजिशकर्ता
- सुनील साहू (20)
- शुभम पाल (18)
- गौकरण साहू (20)
- एक नाबालिग
जब्त किए गए सामान
- 2 लोहे के पाइप
- मृतक का मोबाइल
- हेमचंद साहू की मोटरसाइकिल
- घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटर साइकिल और बोलेरो गाड़ी
जमीन विवाद में धारदार हथियार से हत्या
दंतेवाड़ा जिले के नीलावाया गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां 62 साल के बंडी कोर्राम की 16 सितंबर की शाम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। अरनपुर पुलिस के मुताबिक हत्या जमीन विवाद और आपसी मतभेद के चलते की गई थी। पुलिस ने आरोपी सुनिल नेताम और महेश कोर्राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों ने धारदार हथियार से बंडी कोर्राम का गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और कपड़े जब्त किए हैं। (Murder in Mungeli)



