बवासीर के दर्द का इलाज बना मौत का कारण, झोलाछाप डॉक्टर ने लगाए युवक को 9 इंजेक्शन, ब्लीडिंग और इन्फेक्शन से गई जान

Quack Doctor in Balod: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से एक युवक की जान चली गई। पाइल्स (बवासीर) की बीमारी से परेशान युवक को आरोपी ने गुदा द्वार में एक साथ 9 इंजेक्शन लगा दिए, जिससे ज्यादा ब्लीडिंग और गंभीर संक्रमण हो गया। हालत बिगड़ने पर युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां 11 मई को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच में आरोपी की डिग्री फर्जी पाई और उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ के रहने वाले 40 साल के सुभाष कुमार जनबंधु करीब 15 साल से पाइल्स की बीमारी से जूझ रहे थे। परिजन 8 मई को उन्हें कांदुल के रहने वाले तथाकथित डॉक्टर रेखराम साहू (54) के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे। उसने इलाज के नाम पर परिजनों से 8 हजार रुपए लिए और सुभाष को एक साथ 9 इंजेक्शन लगा दिए।
यह भी पढ़ें:- सुपारी किलिंग में गलत पहचान, निर्दोष पर लोहे की पाइप से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत
9 मई को सुभाष की अचानक ब्लीडिंग बढ़ गई और पेट फूलने लगा। परिजनों ने जब आरोपी को कॉल किया तो उसने टालमटोल करने के बाद मोबाइल ही बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने से स्थिति गंभीर हो गई है। लगातार ब्लीडिंग और इन्फेक्शन की वजह से सुभाष ने 11 मई को दम तोड़ दिया। परिजनों की शिकायत पर अर्जुंदा पुलिस ने मामला दर्ज किया। गुंडरदेही SDOP की जांच में सामने आया कि रेखराम साहू की डिग्री फर्जी है और उसका छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान परिषद में कोई पंजीयन नहीं है। (Quack Doctor in Balod)
क्लिनिक सील करने के निर्देश
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धारा 105, छत्तीसगढ़ राज्य उपचार्यागृह, रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम 2010 की धारा 12 और छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम 1987 की धारा 24 के तहत केस दर्ज किया। 18 सितंबर को पुलिस ने आरोपी झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इधर, सीएमएचओ जीएल उइके ने कहा कि आरोपी के क्लिनिक को सील करने के निर्देश बीएमओ को दे दिए गए हैं। जिले में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। (Quack Doctor in Balod)



