9 साल की मासूम से दुष्कर्म, रिश्ते के ‘बड़े पापा’ ने की दरिंदगी, जानिए कैसे खुला राज
Girl Raped in Balod: बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक 9 साल की मासूम बच्ची के साथ उसी के रिश्ते में लगने वाले बड़े पापा ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बच्ची को दुर्गा दिखाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर यह कुकृत्य किया। घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने और बच्ची को जान से मारने की भी कोशिश की, लेकिन बच्ची ने जिस बहादुरी का परिचय दिया, उसी के चलते यह गंभीर मामला उजागर हो सका।
यह भी पढ़ें:- अमेरिका टैरिफ को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जताई नाराजगी, US के पाकिस्तान के साथ रिश्तों पर सीधी बात
घटना गुरूर थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां 9 साल की बच्ची घर के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी गांव का ही एक 55 साल का व्यक्ति जो बच्ची का रिश्तेदार और ‘बड़ा पापा’ है, उसके पास आया और कहा कि चलो दुर्गा पूजा पंडाल दिखाते हैं। मासूम बच्ची को भरोसा था, क्योंकि वह उसके बड़े पापा थे। बच्ची उसके साथ गाड़ी में बैठ गई, लेकिन पूजा स्थल के बजाय आरोपी उसे गांव के बाहर एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां पर आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने बच्ची की हत्या की नीयत से उसका गला दबाने की कोशिश भी की, ताकि वह किसी को कुछ बता न सके। हालांकि बच्ची ने असाधारण साहस दिखाया। वह आरोपी के चंगुल से किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकली और पास के एक अन्य गांव पहुंच गई। (Girl Raped in Balod)
बच्ची की बहादुरी से खुला मामला
गांव में मौजूद ग्रामीणों को उसने रोते-बिलखते पूरी घटना बताई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गुरूर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील तिर्की पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची से पूछताछ की गई और उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने बच्ची की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से आरोपी की चप्पल, चश्मा और कुछ अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पहले भी चोरी जैसे आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है और कुछ समय पहले ही गांव लौटा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उस पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की जांच जारी है। (Girl Raped in Balod)
घटना से इलाके में गुस्सा
इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी को कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके। वहीं बच्ची के साहस और समझदारी की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। इतनी छोटी उम्र में जिस तरह उसने खुद को बचाया और पूरे मामले की जानकारी दी, वह काबिले तारीफ है। एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। बच्ची को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस तरह की घटनाएं समाज की मानसिकता पर सवाल खड़ा करती हैं। रिश्तों की गरिमा को तार-तार कर देने वाली ऐसी घटनाओं के खिलाफ केवल कठोर कानून ही नहीं, बल्कि तेज और प्रभावी न्याय प्रक्रिया भी समय की मांग है। यह जरूरी है कि बच्ची को उचित न्याय मिले और समाज को यह संदेश जाए कि मासूमों के साथ दरिंदगी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



