Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर का अल्टीमेटम, कोरबा कलेक्टर 3 दिन में नहीं हटे तो देंगे धरना, कांग्रेस ने बताया गुटबाजी

BJP Leader Nankiram Kanwar: छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल मच गई है। दरअसल, पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कंवर ने 22 सितंबर को कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हिटलरशाही तरीके से प्रशासन चलाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। कंवर ने पत्र की प्रतियां डीजीपी, मुख्य सचिव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी हैं। उन्होंने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर तीन दिन के भीतर कलेक्टर का तबादला नहीं किया गया तो वे शासन-प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे।

यह भी पढ़ें:- आस्था या कारोबार ? बिलासपुर में गरबा-डांडिया आयोजन पर उठे सवाल, 2 लाख तक में मिल रहा VIP टिकट

पूर्व गृह मंत्री ने अपने पांच पन्नों के पत्र में कलेक्टर अजीत वसंत पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कंवर का कहना है कि कांग्रेस शासनकाल में उन्होंने पीएससी घोटाला, कोयला घोटाला, शराब घोटाला, महादेव सट्टा ऐप जैसे मामलों को उजागर कर भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ किया, लेकिन अब भाजपा सरकार में भी अफसरशाही हावी है। कंवर ने पत्र में कहा कि कलेक्टर प्रदेश सरकार की शह पर हिटलरशाही तरीके से प्रशासन चला रहे हैं। कार्यकर्ताओं को टारगेट कर परेशान किया जा रहा है। राइस मिल और पेट्रोल पंप जब्त किए गए। वरिष्ठ पत्रकार के घर पर तोड़फोड़ और सामान जब्ती की कार्रवाई हुई। स्व-सहायता समूह की महिलाओं से अरबों रुपये की ठगी हुई, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। (BJP Leader Nankiram Kanwar)

कलेक्टर पर लगाए ये आरोप

उन्होंने कहा कि मुआवजा घोटाले में वास्तविक भूविस्थापितों को जमीन और घर से बेदखल कर दिया गया। 29 करोड़ के डीएमएफ फंड का दुरुपयोग कर बालको कंपनी को फायदा पहुंचाया गया। अवैध रेत खनन और राखड़ परिवहन में मिलीभगत के भी गंभीर आरोप। टोल प्लाजा पर पत्नी की गाड़ी रोकने पर युवाओं को जेल भेजवाने तक की कार्रवाई की गई। ननकीराम कंवर ने स्पष्ट कहा है कि अगर तीन दिन के भीतर कलेक्टर अजीत वसंत को कोरबा से नहीं हटाया गया तो वे शासन और प्रशासन के खिलाफ धरना देंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। (BJP Leader Nankiram Kanwar)

पूर्व CM भूपेश बघेल ने साधा निशाना

कंवर की चिट्ठी सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमने पहले भी देखा है, राज्यपाल और कलेक्टर बैठे हुए हैं और ननकीराम कंवर खड़े हुए थे। अब भाजपा में उनकी क्या स्थिति है, ये साफ दिख रहा है। जो नेता कांग्रेस पर सवाल उठाते थे, अब अपनी ही पार्टी और सरकार के खिलाफ अल्टीमेटम दे रहे हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है। उनके ही वरिष्ठ नेता पत्र लिख रहे हैं, धरना देने की बात कर रहे हैं। कार्यकर्ता तक नाराज हैं। आखिर किसके इशारे पर ननकीराम कंवर को परेशान किया जा रहा है, भाजपा को बताना चाहिए। (BJP Leader Nankiram Kanwar)

Back to top button
error: Content is protected !!