तमिलनाडु में राजनीतिक रैली का सबसे बड़ा हादसा, करूर भगदड़ में 39 लोगों की मौत

TVK Vijay Rally Stampede: तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार शाम अभिनेता विजय की रैली के दौरान मची भगदड़ (TVK Vijay Rally Stampede) ने भयावह रूप ले लिया। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बताया कि हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 51 लोग ICU में भर्ती हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- Shardiya Navratri 2025 Day 6: शारदीय नवरात्रि के 6वें दिन मां कात्यायनी की आराधना, इस तरह करें पूजा-पाठ
सीएम ने किया मुआवजे और जांच का ऐलान
मुख्यमंत्री स्टालिन ने देर रात हाईलेवल मीटिंग बुलाई और हालात की समीक्षा की। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये, जबकि घायलों को 1 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने का ऐलान किया, जो पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपेगी।
स्टालिन रविवार सुबह अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, “राज्य के इतिहास में किसी राजनीतिक कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में मौतें पहली बार हुई हैं। ऐसी त्रासदी भविष्य में दोबारा नहीं होनी चाहिए।”
कैसे मची भगदड़?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजय की रैली शुरू होने से पहले ही हजारों की भीड़ जमा हो गई थी। अभिनेता विजय कई घंटे की देरी से मंच पर पहुंचे। इसी दौरान लोग मंच की ओर बढ़ने लगे और भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई और कुछ बेहोश हो गए। इसके बाद भगदड़ (TVK Vijay Rally Stampede) मच गई।
अनुमान से दोगुनी भीड़, बिना पानी-भोजन इंतजार
तमिलनाडु के प्रभारी DGP जी. वेंकटरमण ने बताया कि रैली के लिए प्रशासन ने 10,000 लोगों के जुटने का अनुमान लगाया था, लेकिन करीब 27,000 लोग पहुंच गए। उन्होंने बताया कि रैली की अनुमति दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक थी, लेकिन लोग सुबह 11 बजे से ही स्थल पर आना शुरू हो गए थे।
“जब विजय शाम करीब 7:40 बजे पहुंचे, तब तक भीड़ घंटों से बिना भोजन और पानी के इंतजार कर रही थी। इस बीच मंच की ओर बढ़ते समय हालात बिगड़े और भगदड़ मच गई।” – DGP वेंकटरमण
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम स्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।



