Google Analytics —— Meta Pixel

बिरनपुर कांड में गवाही से पहले चढ़ा सियासी पारा, CBI चार्जशीट बनी सियासत की नई चिंगारी

Politics on Biranpur incident: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित बिरनपुर कांड को लेकर एक बार फिर से हलचल तेज हो गई है। CBI की चार्जशीट दाखिल होने के 11 महीने बाद अब इस महीने से इस मामले की गवाही शुरू होने जा रही है। गवाही से पहले ही सियासी बयानबाजी ने फिर एक बार इस संवेदनशील मुद्दे को गरमा दिया है। बिरनपुर कांड की शुरुआती जांच राज्य पुलिस ने की थी, जिसमें 12 लोगों को आरोपी बनाया गया था। बाद में जब मामला CBI को सौंपा गया तो एजेंसी ने अपनी चार्जशीट में 6 अन्य आरोपियों को शामिल किया, जिससे कुल आरोपी अब 18 हो गए हैं। हालांकि मृतक भुवनेश्वर साहू के पिता और साजा विधायक ईश्वर साहू ने जिन लोगों पर आरोप लगाए थे, CBI की चार्जशीट में उनका कोई जिक्र नहीं है।

CBI चार्जशीट में शामिल नए आरोपियों के नाम

  • आमिर खान
  • जमीर खान
  • सलमान मोहम्मद
  • अफजल खान
  • फैजल खान
  • अब्बास मोहम्मद

8 अप्रैल 2023 को हत्या से भड़की थी हिंसा

यह मामला 8 अप्रैल 2023 को शुरू हुआ था, जब बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में भुवनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद इलाके में हिंसा भड़क गई थी, जिसने राज्य की सियासत में भारी उथल-पुथल मचा दी थी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने CBI की चार्जशीट को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि CBI की चार्जशीट में साफ कहा गया है कि यह दो पक्षों का आपसी झगड़ा था, न कि कोई राजनीतिक षड्यंत्र। यह मामूली झगड़ा था, जो खूनी रूप ले लिया। उस वक्त भाजपा ने इसे साम्प्रदायिक रंग देकर राजनीतिक लाभ उठाया। बैज ने आरोप लगाया कि उस समय के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मौके पर जाकर भड़काऊ भाषण दिए और भीड़ को उकसाया। (Politics on Biranpur incident)

कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू का आरोप

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने इस घटना को चुनावी मुद्दा बनाकर एक समाज को कांग्रेस के खिलाफ भड़काया। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा के नेता चुनावी सभाओं में इस घटना का जिक्र करते रहे। भुवनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को टिकट देकर भाजपा ने सहानुभूति लूटने का षड्यंत्र किया। दीपक बैज ने मांग की कि अरुण साव को इस्तीफा देना चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव पर इस घटना का सीधा असर पड़ा। भाजपा ने ईश्वर साहू को घुमाकर राजनीतिक अत्याचार का दिखावा किया और इसका भरपूर फायदा उठाया। (Politics on Biranpur incident)

कांग्रेस ने जातिवाद फैलाया: बृजमोहन अग्रवाल

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा के रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि CBI पहले भी निष्पक्ष थी और आज भी निष्पक्ष है। कांग्रेस ने जातिवाद फैलाने की कोशिश की थी। अब जब चार्जशीट आई है तो कांग्रेस को CBI पर भरोसा हो गया, इसके लिए उन्हें बधाई। डिप्टी CM और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। साथ ही कहा है कि दीपक बैज को बिरनपुर की घटनाओं की जानकारी नहीं है। भुवनेश्वर साहू की दरिंदगी से हत्या की गई थी और मस्जिद के अंदर उसकी बॉडी फेंकी गई थी। कांग्रेस सरकार की भूमिका तालिबानी थी। उस समय के मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने पीड़ित परिवार से कोई सहानुभूति नहीं दिखाई।

यह भी पढ़ें:- राज्यपाल ने दशहरे पर दी बधाई, कहा – एकता और सद्भाव से बढ़े समाज की शक्ति

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के निर्दोष लोगों को झूठे केस में फंसाया गया, जिसे कोर्ट ने खारिज कर उन्हें बाइज्जत बरी कर दिया। हम पहले भी भुवनेश्वर साहू के साथ थे और आज भी उनके परिवार के साथ खड़े हैं। डिप्टी CM विजय शर्मा ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कम से कम अब कांग्रेस को CBI पर विश्वास हुआ, जिन्होंने CBI को 5 साल तक बैन रखा, आज वो उसी की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि CBI की जांच एक बिंदु पर केंद्रित है। गांव वालों की बातों को लेकर नहीं है। कांग्रेस सरकार उस वक्त मदहोश थी, उन्हें ध्यान ही नहीं था कि प्रदेश में क्या हो रहा है। कांग्रेस में कुछ नेताओं की ही चलती थी, बाकी की आवाजें दबा दी जाती थी। (Politics on Biranpur incident)

अगर जांच सही हुई तो स्वागत है: कांग्रेस

डिप्टी CM विजय शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि CBI एक सेंट्रल एजेंसी है और अगर वह सही जांच करे तो उसका हम स्वागत करते हैं, लेकिन अगर उसका दुरुपयोग होगा तो सवाल भी उठेंगे। हमारी पुलिस की जांच भी सही साबित हुई है। बिरनपुर कांड एक बार फिर छत्तीसगढ़ की राजनीति के केंद्र में है। जैसे-जैसे इस केस में गवाही की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। CBI की चार्जशीट, कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस और भाजपा का पलटवार ये सब मिलकर एक बार फिर यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह मामला सिर्फ अदालत में नहीं, बल्कि राजनीतिक मंचों पर भी गर्म रहने वाला है। (Politics on Biranpur incident)

Back to top button
error: Content is protected !!