RSS के शताब्दी वर्ष पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Politics on RSS: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने पर जहां देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में इस मुद्दे पर सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने RSS की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि संघ को यह स्पष्ट करना चाहिए कि स्वतंत्रता संग्राम में उसका क्या योगदान रहा। RSS का अंग्रेजों को देश से भगाने में क्या योगदान था ? किस RSS नेता ने आजादी की लड़ाई में बलिदान दिया, ये भी उन्हें बताना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े जारी, छत्तीसगढ़ में बुजुर्गों के खिलाफ अपराध में बढ़ोतरी
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा शासित राज्यों में बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक अस्थिरता को लेकर भी संघ और भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब देश में अधिकतर राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं तो रोजगार के मुद्दे पर जवाबदेही भी उनकी ही बनती है। अराजकता और धार्मिक कट्टरता रोकने के लिए RSS ने अब तक क्या किया है, ये भी जनता को बताया जाना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने RSS के 100 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए संघ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने संघ को विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बताते हुए कहा कि जब भी देश में कोई विपत्ति आती है, तो RSS के स्वयंसेवक सबसे पहले सेवा के लिए खड़े नजर आते हैं। संघ के कार्यों की सराहना सभी ने की है। (Politics on RSS)
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का पलटवार
रायपुर के बीजेपी सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए संघ के योगदान को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि संघ देश की मिट्टी और चरित्र के लिए काम करता है। देश को एकजुट रखने और राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करने में RSS की अहम भूमिका रही है। आज का दिन ऐतिहासिक है। डिप्टी CM अरुण साव ने RSS के शताब्दी वर्ष पर बधाई देते हुए कहा कि पिछले 100 सालों में संघ ने देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय एकता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। देश हित में RSS ने जो कार्य किए हैं, उसी की तकलीफ कांग्रेस को हो रही है। (Politics on RSS)



