फिलीपींस में भूकंप से 69 लोगों की मौत, भारत ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ

Philippines Earthquake 2025: फिलीपींस के सेबू प्रांत में भीषण भूकंप आया है, जिसकी तीव्रता 6.9 मापी गई। इस आपदा में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने भूकंप की शुरुआत में इसकी तीव्रता 7.0 बताई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 6.9 कर दिया गया। भूकंप का केंद्र सेबू द्वीप के बोगो शहर के पास था, जिसकी आबादी करीब 90 हजार है।
यह भी पढ़ें:- पद्मविभूषण शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन, राष्ट्रपति और PM मोदी ने जताया दुख
पहले झटकों के बाद इलाके में 5.0 या उससे ज्यादा तीव्रता के चार और झटके महसूस किए गए। रात के समय भूकंप आने से अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। कई घायल अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। (Philippines Earthquake 2025)
क्यों आता है भूकंप ?
भूकंप आने का मुख्य कारण पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेट्स की हलचल है। पृथ्वी की सतह कई प्लेट्स में विभाजित होती है, जिन्हें टेक्टोनिक प्लेट्स कहा जाता है। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं, खिसकती हैं या एक-दूसरे के ऊपर चढ़ती हैं, तो इन टकरावों से भूकंपीय ऊर्जा उत्पन्न होती है, जो धरती की सतह पर झटकों के रूप में महसूस होती है।
फिलीपींस में भूकंप का ज्यादा खतरा क्यों ?
फिलीपींस एक भूकंप-प्रवण क्षेत्र में स्थित है, जिसे ‘रिंग ऑफ फायर’ कहा जाता है। यह क्षेत्र लगभग 40,000 किलोमीटर में फैला हुआ है और दुनिया के 90% भूकंप यहीं आते हैं। रिंग ऑफ फायर वह इलाका है, जहां महासागरीय और महाद्वीपीय प्लेट्स एक-दूसरे से टकराती हैं। इस क्षेत्र में दुनिया के 75% सक्रिय ज्वालामुखी भी मौजूद हैं। रिंग ऑफ फायर से जुड़े देशों में जापान, रूस, फिलीपींस, इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, चिली, पेरू, इक्वाडोर, कोस्टा रिका शामिल हैं। USGS के मुताबिक मार्च से 13 सितंबर 2025 तक दुनिया भर में करीब 1,10,000 भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश हल्के दर्जे के थे। लेकिन कुछ, जैसे फिलीपींस में आया यह भूकंप, बेहद विनाशकारी साबित होते हैं।

भारत ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस में आए भूकंप से हुई जन-हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा फिलीपींस में आए भूकंप से हुई जन-हानि और व्यापक क्षति की खबर सुनकर अत्यंत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में भारत फिलीपींस के साथ एकजुटता से खड़ा है। फिलीपींस में आया यह भूकंप न सिर्फ एक भौगोलिक आपदा है, बल्कि मानवीय त्रासदी भी है। राहत और बचाव कार्य जारी है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी सहयोग की भावना दिखा रहा है। भूगर्भीय अस्थिरता वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सजग और सतर्क रहने की जरूरत है।




