कोलंबिया में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला, कहा- भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला

Rahul Gandhi in Colombia: कोलंबिया के EIA यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘द फ्यूचर इज टुडे’ कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, जो देश की संस्थाओं को कमजोर कर रहा है और विपक्ष की आवाज को दबा रहा है। यह भारतीय लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता और लोकतंत्र में है, लेकिन मौजूदा समय में इन मूल्यों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि हमारी पहचान है। जब उस पर हमला होता है तो पूरे देश की आत्मा पर आघात होता है। सत्ता में बैठे लोग चाहते हैं कि हर संस्था उनके हिसाब से चले, जो भारत की आत्मा के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें:- फिलीपींस में भूकंप से 69 लोगों की मौत, भारत ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ
कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्रों से बातचीत करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकतंत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरियों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। दुनिया में बढ़ते ध्रुवीकरण को लेकर राहुल ने कहा कि मैं भारत के संदर्भ में बात कर सकता हूं। भारत एक बड़ा देश है, जो नौकरियों के लिए संघर्ष कर रहा है। हमें चीन से सीखना होगा कि कैसे उत्पादन बढ़ाया जाए, लेकिन लोकतांत्रिक ढंग से। भारत में लोकतंत्र पर हमला एक बड़ा खतरा है। हम चीन की तरह आवाजें नहीं दबा सकते। हमारे पास हाईटेक सॉफ्टवेयर सुविधाएं केवल 2-3% लोगों तक सीमित हैं, जो काफी कम है। भारत सिर्फ सर्विस सेक्टर पर आधारित रहकर ग्रोथ नहीं कर सकता। (Rahul Gandhi in Colombia)

भारत की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर कहा कि AI इन क्षेत्रों में बड़ा बदलाव लाएगा। हालांकि भारत में ज्यादातर सेवाएं प्राइवेट अस्पतालों से ली जाती हैं। जब तक गरीब तबकों को बेहतर सरकारी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तब तक भारत एक सफल राष्ट्र नहीं बन सकता। हमारी पार्टी की सोच भी यही है। नोटबंदी और GST ने भारत की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया। मौजूदा सरकार कुछ लोगों के हाथों में पूरी इकोनॉमी सौंप देना चाहती है। देश में अब सेंट्रलाइज्ड करप्शन हो रहा है। पश्चिमी देशों में धारणा है कि AI आ जाएगा तो डॉक्टर्स या अन्य पेशेवर खत्म हो जाएंगे। ऐसा ही जब कंप्यूटर आए थे तब भी कहा गया था। लेकिन तकनीक से नौकरियां खत्म नहीं होतीं, बल्कि उनका स्वरूप बदलता है। (Rahul Gandhi in Colombia)

राहुल गांधी की कुछ विवादित विदेश यात्राएं
राहुल गांधी के विदेशी दौरों को लेकर हमेशा चर्चा और विवाद होते रहे हैं। पिछले कुछ सालों में उनकी कई यात्राएं राजनीतिक हलकों में सवालों के घेरे में रही हैं।
- 28 सितंबर 2023 में अमेरिका के बॉस्टन में राहुल ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा था कि यह स्पष्ट है कि भारत का चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। उन्होंने महाराष्ट्र में फर्जी वोटिंग का आरोप भी लगाया था।
- मई 2022 में ब्रिटेन दौरे पर राहुल ने भारत सरकार की तुलना पाकिस्तान से की थी। उन्होंने CBI और ED की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बीजेपी ने राहुल पर विदेश में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया।
- दिसंबर 2020 में राहुल गांधी कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर इटली में थे। वे अपनी नानी से मिलने गए थे। उस समय पांच राज्यों में चुनाव से पहले उनकी गैरमौजूदगी पर कांग्रेस के भीतर भी असंतोष जताया गया।
- दिसंबर 2019 में जब भारत में CAA के खिलाफ आंदोलन हो रहा था, राहुल दक्षिण कोरिया चले गए थे। उनकी इस यात्रा पर कांग्रेस के कई नेताओं ने भी सवाल उठाए थे।
- अक्टूबर 2019 में हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी कंबोडिया चले गए। बीजेपी ने इसे पर्सनल ट्रिप बताया, वहीं कांग्रेस ने कहा कि वे ध्यान साधना के लिए गए थे।




