Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में दशहरे पर खून की होली, अलग-अलग जिलों में हत्या की वारदात से फैली सनसनी

Crime in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में दशहरे के अवसर पर खून की होली खेली गई। रायगढ़, दुर्ग, बालोद और अंबिकापुर में 5 लोगों की हत्या की गई है। जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। रायगढ़ जिले के रायकेरा गांव में एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान सुकमेत सिदार (80) और लक्ष्मण सिदार (60) के रूप में हुई है। लक्ष्मण, सुकमेत का दामाद था और शादी के बाद से अपने ससुराल में ही रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है।

यह भी पढ़ें:- दंतेवाड़ा में दशहरा के दिन महिला के साथ दरिंदगी, दुष्कर्म के बाद उतारा गया मौत के घाट

वहीं सुकमेत की बेटी को गंभीर हालत में टिंगनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के पीछे जमीन के मुआवजे को लेकर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई है। जानकारी के मुताबिक हाल ही में सुकमेत को एनटीपीसी से मुआवजा राशि प्राप्त हुई थी, जिसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। फिलहाल मृतक लक्ष्मण सिदार के बेटे और एक पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। (Crime in Chhattisgarh)

महिला ने सौतेले बेटों संग मिलकर की पति की हत्या

दुर्ग जिले के अहिवारा कस्बे में एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां मीरावती नाम की महिला अपने पति बलविंदर सिंह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार की गई है। बलविंदर सिंह बैकुंठधाम का रहने वाला था, जो समय-समय पर अपनी पत्नी से मिलने अहिवारा आता था, जो बुधवार रात को अपनी पत्नी से मिलने पहुंचा। इस दौरान दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मीरावती के सौतेले बेटे त्रिलोचन कोसरे और भूपेश कोसरे ने मिलकर बलविंदर पर जानलेवा हमला कर दिया। त्रिलोचन ने आंगन में रखे फावड़े से बलविंदर के सिर पर वार किया। (Crime in Chhattisgarh)

पारिवारिक विवाद में हत्या: ASP

वहीं भूपेश ने डंडे से लगातार प्रहार किए। बलविंदर खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पड़ोसी अरुण कुमार बंजारे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दुर्ग एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने कहा कि मामला पारिवारिक विवाद और आपसी संबंधों का परिणाम है।

अंबिकापुर के पेट्रोल पंप पर युवती की दिनदहाड़े हत्या

वहीं अंबिकापुर में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी ने शहरवासियों को दहला दिया। गांधीनगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवती भारती टोप्पो की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक जोगेंद्र पैकरा अचानक पेट्रोल पंप पहुंचा और युवती पर एक के बाद एक चाकू से दर्जनों वार कर दिए। वारदात के बाद वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने दो लोगों को भी घायल कर दिया। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और प्रेम प्रसंग को इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले की जांच गांधीनगर थाना पुलिस कर रही है। (Crime in Chhattisgarh)

बालोद में देवर ने की भाभी की हत्या 

बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान प्रीति सेमरे (उम्र 35) के रूप में हुई है, जो 100 बिस्तर वाले दल्लीराजहरा के हॉस्पिटल में स्वीपर के पद पर पदस्थ थी। उन्हें यह नौकरी पति के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत जुलाई 2024 में मिली थी। घटना मंगलवार की है, जब प्रीति ड्यूटी कर के घर लौटी थी। उसी दौरान घर में ही उनकी खून से लथपथ लाश बरामद हुई। (Crime in Chhattisgarh)

पुलिस ने देवर को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी देवर अमन सेमरे को हिरासत में ले लिया है, जबकि घटनास्थल को सील कर दिया गया है।फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम के आने के बाद ही मामले की विस्तृत जांच शुरू की जाएगी। पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की वजह का खुलासा हो सकेगा। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। महामाया मंदिर परिसर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है।बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और शहर की कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया मंदिर परिसर की है। पुलिस की ओर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इन हत्याओं ने एक बार फिर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर पारिवारिक संपत्ति विवाद और प्रेम प्रसंगों की वजह से हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर यह भी स्पष्ट होता है कि छोटे-छोटे विवाद अब खतरनाक मोड़ ले रहे हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!